विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 से 30 अप्रैल व दस्तक अभियान 10 से 30 अप्रैल 2025 तक चलाया जाएगा

Spread the love

अभियान को सफल बनाने के लिए सभी संबंधितों की होगी अहम भागीदारी- डीएम

भदोही । जिलाधिकारी विशाल सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में 01 से 30 अप्रैल 2025 तक चलने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 10 से 30 अप्रैल 2025 के मध्य दस्तक अभियान को लेकर अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संचारी रोगों की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए पूरी तैयारी समयबद्ध ढंग से किए जाने के निर्देश दिए।  उन्होंने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, डायरिया आदि संचारी रोगों से जुडे़ मामलों की आशंका को देखते हुए जनपद में अन्तर्विभागीय समन्वय से युद्धस्तर पर अभियान को आगे बढ़ाया जाए।
        जिलाधिकारी ने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान जनपद में 01 से 30 अप्रैल 2025 तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी 01 अप्रैल से पहले संचारी रोग नियंत्रण के सम्बन्ध में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें। साप्ताहिक बन्दी के दौरान स्वच्छता, सैनिटाइजेशन तथा फॉगिंग का विशेष कार्यक्रम संचालित किया जाए। तालाबों, नालों व नालियों में एण्टी लार्वा का छिड़काव तथा कूड़े का निस्तारण ठीक ढंग से किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि निगरानी समितियां डोर-टू-डोर सर्वे करें और यदि कोई बच्चा बुखार आदि से ग्रसित है, तो उसे मेडिसिन किट उपलब्ध कराएं। साथ ही, महिलाओं तथा कुपोषित बच्चों को पुष्टाहार उपलब्ध कराया जाए। बैठक मे सीडीओ डॉ शिवाकांत द्विवेदी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी संजय मिश्रा, परियोजना निदेशक आदित्य कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक अंशुमान, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र नारायण सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी राम आसरे, डीसी मनरेगा राजा राम, संबंधित चिकित्साधिकारी, समस्त अधिशासी अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी तथा एमओआईसी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *