पीडीडीयू। पूर्वांचल स्पोर्ट्स के बैनर तले ज्योति कान्वेंट स्कूल द्वारा आयोजित दूसरी सत्यदेव गुप्ता मेमोरियल सब जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला बीपी स्कूल, दुल्हीपुर के मैदान पर बनारस की दृष्टि एकेडमी और मुगलसराय की टारगेट स्पोर्ट्स के बीच खेला गया। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में दृष्टि एकेडमी ने 7 रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दृष्टि एकेडमी ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट पर 128 रन बनाए। श्रेयांश ने 5 चौकों की मदद से 35 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, जबकि कृष ने 25 रन और यशस्वी ने नाबाद 11 रन का योगदान दिया। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी टारगेट स्पोर्ट्स ने तेज शुरुआत करते हुए पहले तीन ओवर में 31 रन बना लिए, लेकिन मध्यक्रम में नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम दबाव में आ गई। पूरे 20 ओवर में 9 विकेट खोकर टीम 121 रन ही बना सकी और 7 रन से मैच हार गई। रोहित ने 27 और अनिकेत ने 13 रन बनाए, जबकि दृष्टि एकेडमी की ओर से श्रेयांश, मुदित और अर्णव ने दो-दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई।

मैच के उपरांत आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में प्लेयर ऑफ द फाइनल का पुरस्कार श्रेयांश को प्रदान किया गया। अक्षत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा कृष को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रदीप रावत ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में हार-जीत मायने नहीं रखती, बल्कि खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि पराजित टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया और भविष्य में और बेहतर करने की प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं तथा युवाओं को नशे और गलत संगति से दूर रखकर सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा नेता जावेद हाशमी एवं पूर्व क्रिकेटर फराज हुसैन ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह की अध्यक्षता कृष्ण मोहन गुप्ता ने की तथा शौज़ब हुसैन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर कोच विकास कुमार, मनोज कुमार, कृष्ण लालू, त्रिपाठी जी, ग़ाज़ी अब्बास और गोपाल सेठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने सभी प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
