रामगढ़, झारखंड, / परियोजना क्षेत्र के आसपास के गांवों में जल आपूर्ति को सुलभ बनाने और सतत विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (PVUNL) ने झारखंड सरकार के जल एवं स्वच्छता विभाग को 1.76 करोड़ रुपये की प्रथम किश्त सौंपी है। यह राशि सामुदायिक विकास (CD) कार्यों के तहत 50 सौर जल पंपों की स्थापना के लिए दी गई है। इस परियोजना की कुल लागत 3.53 करोड़ रुपये है।
यह हस्तांतरण रामगढ़ उपायुक्त कार्यालय में किया गया, जहां उपायुक्त (DC) रामगढ़ चंदन कुमार की उपस्थिति में यह प्रक्रिया संपन्न हुई। इस अवसर पर PVUNL के प्रमुख (HR) जियाउर रहमान, DGM (R&R) राजेश दुंगडुंग, वरिष्ठ प्रबंधक (R&R) संतोष कुमार और PVUNL अधिकारी विपिन गोहिल भी मौजूद रहे। PVUNL ने जल आपूर्ति और स्वच्छता सुधार को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इस परियोजना से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही, सौर ऊर्जा के उपयोग से यह पहल अक्षय ऊर्जा को भी प्रोत्साहित करेगी। PVUNL ने कहा कि वह सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयासरत है और आगे भी इसी प्रकार सामुदायिक विकास कार्यों में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाता रहेगा।
