जुगनी जंगल में पुलिस गौ तस्कर मुठभेड़, एक घायल गिरफ्तार, एक फरार

सोनभद्र। करमा थाना क्षेत्र के जुगनी जंगल में रविवार को पुलिस और वांछित गौ तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक तस्कर के पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गौ तस्करों और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 22 फरवरी 2026 को थाना राजगढ़, जनपद मिर्जापुर से सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित पशु तस्कर करमा क्षेत्र के जुगनी जंगल से भागने की कोशिश कर रहे हैं। सूचना पर घोरावल, करमा और राजगढ़ थानों की संयुक्त टीम ने जंगल में घेराबंदी की।घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें करन जायसवाल (27 वर्ष) निवासी बछाव पश्चिमपुरा, थाना रोहनिया, जनपद वाराणसी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह घायल होकर पकड़ा गया। उसका साथी सहाबे आलम निवासी खुटहनिया, थाना करमा अंधेरे में भाग निकला।गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए। घायल को पुलिस अभिरक्षा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल भेजा गया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक गिरोह के साथ मिलकर लंबे समय से गौ तस्करी करता है। 21 फरवरी 2026 को राजगढ़ थाना क्षेत्र के धनसिरिया गांव में पुलिस की घेराबंदी के दौरान 7 गोवंश से लदा पिकअप वाहन छोड़कर फरार हो गए थे। वाहन संख्या UP65 NT 3216 को पुलिस ने बरामद कर 207 एमवी एक्ट में सीज किया था। गिरोह मध्य प्रदेश बॉर्डर के पास से गोवंश लाकर बिहार और पश्चिम बंगाल की ओर भेजता था।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, हत्या और अन्य गंभीर धाराओं में पूर्व से कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मुठभेड़ में घोरावल, करमा और राजगढ़ थानों की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।

NTPC
Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *