सोलापुर, । बुधवार को एनटीपीसी सोलापुर ने अपने नैगम सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम के अंतर्गत आसपास के गांवों की 50 बालिकाओं को साइकिल वितरित कीं। यह आयोजन परियोजना क्षेत्र की ग्रामीण बालिकाओं को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में ई. सत्य फणी कुमार, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (प.क्षे-।) उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनटीपीसी सोलापुर के परियोजना प्रमुख बी.जे.सी ने की।

इस अवसर पर बोलते हुए, ई. सत्य फणी कुमार ने कहा, “एनटीपीसी सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मानना है कि बालिकाओं की शिक्षा ही एक सशक्त समाज की नींव है। इन साइकिलों से गांव की बेटियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा होगी, जिससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी और वे आगे बढ़ सकेंगी।”
इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को सशक्त बनाना और उनके स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट) की दर को कम करना है। साइकिल मिलने से लाभान्वित बालिकाओं के चेहरे खिले हुए थे और उन्होंने एनटीपीसी सोलापुर का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में एनटीपीसी सोलापुर के वरिष्ठ अधिकारी, सीएसआर टीम के सदस्य तथा अभिभावकगण उपस्थित रहे। एनटीपीसी सोलापुर शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और कौशल विकास के क्षेत्र में इसी प्रकार सामाजिक कार्यों में निरंतर सक्रिय है।
