एनटीपीसी अंता का निःशुल्क नेत्र शिविर एवं चश्मा वितरण समारोह सफलतापूर्वक संपन्न

बारा । नैगमिक सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) नीति के अंतर्गत NTPC अंता चिकित्सालय द्वारा प्रेरणा महिला मंडल एवं विशाल आई हॉस्पिटल, कोटा के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र शिविर एवं चश्मा वितरण समारोह आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस जनोपयोगी पहल का उद्घाटन 12 जनवरी 2025 को किया गया था।
कार्यक्रम एनटीपीसी अंता के परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुआ। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनटीपीसी अपने आसपास के ग्रामीण एवं स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि दृष्टि स्वास्थ्य जीवन की गुणवत्ता से सीधे जुड़ा हुआ है और ऐसे शिविर वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के लिए आशा की नई किरण बनते हैं। इस शिविर के अंतर्गत विशेषज्ञ नेत्र चिकित्सकों द्वारा आंखों की जांच की गई तथा कुल 194 लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। समय पर परामर्श, समुचित जांच और आवश्यक सहायता से लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी, संतोष और नई उम्मीद साफ झलकती रही। कई लाभार्थियों ने बेहतर दृष्टि मिलने पर इसे अपने दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव की शुरुआत बताया।
इस अवसर पर ओएंडएम प्रमुख विपिन कुमार देशमुख, मानव संसाधन प्रमुख डी.एस. कुहाड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अम्बुज कुमार, डॉ. ऋषभ शर्मा, एनटीपीसी अंता चिकित्सालय की चिकित्सकीय टीम, विशाल आई हॉस्पिटल, कोटा से डॉ. विशाल स्नेही तथा प्रेरणा महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे। लाभार्थियों ने शिविर की सुव्यवस्थित व्यवस्था, चिकित्सकीय टीम की संवेदनशील सेवाओं और निःशुल्क चश्मा वितरण की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा व्यक्त की। एनटीपीसी अंता द्वारा CSR के अंतर्गत स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यक्रम सतत रूप से संचालित किए जा रहे हैं, ताकि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक आवश्यक सुविधाएं प्रभावी और सम्मानजनक ढंग से पहुंचाई जा सकें।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
