एनटीपीसी स्वर्ण शक्ति पुरस्कार के अंतर्गत दो प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल

रायपुर, अंता । भारत की सबसे बड़ी एकीकृत विद्युत उत्पादन कंपनी एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा रायपुर में आयोजित इंडियन पावर स्टेशंस ओ एंड एम कॉन्फ्रेंस (IPS 2026) के राष्ट्रीय मंच पर एनटीपीसी अंता ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज करते हुए एनटीपीसी स्वर्ण शक्ति पुरस्कार के अंतर्गत दो प्रतिष्ठित पुरस्कार अपने नाम किए। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से आए विद्युत क्षेत्र के विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में एनटीपीसी अंता की परिचालन उत्कृष्टता, मजबूत सुरक्षा संस्कृति तथा नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों को विशेष रूप से सराहा गया।

एनटीपीसी अंता को प्राप्त पहला पुरस्कार गैस स्टेशन श्रेणी में सुरक्षा (ओ एंड एम) के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण शक्ति पुरस्कार और दूसरा आरई प्रोजेक्ट एक्ज़ीक्यूशन श्रेणी में अंता सोलर परियोजना (90 मेगावाट) के सफल निष्पादन के लिए स्वर्ण शक्ति पुरस्कार प्राप्त हुआ।
ये दोनों पुरस्कार एनटीपीसी अंता के परियोजना प्रमुख अनिल बवेजा तथा पश्चिमी क्षेत्र–प्रथम के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक ई. सत्य कुमार फणी द्वारा समारोह में अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक एवं समस्त निदेशकगणों की उपस्थित में प्राप्त किए गए।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को पंकज अग्रवाल, सचिव (विद्युत), भारत सरकार ने संबोधित किया। वहीं गुरदीप सिंह, अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड ने अपने स्वागत संबोधन में एनटीपीसी की सुदृढ़ ओ एंड एम परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कंपनी की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख किया। सम्मेलन को घनश्याम प्रसाद, अध्यक्ष, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) ने वर्चुअल माध्यम से भी संबोधित किया। एनटीपीसी अंता को प्राप्त ये सम्मान इकाई की विश्वसनीय परिचालन प्रणाली, उच्च सुरक्षा मानकों तथा सतत एवं नवीकरणीय ऊर्जा के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण हैं। IPS 2026 जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय मंच पर मिली यह उपलब्धि एनटीपीसी अंता को परिचालन उत्कृष्टता और सतत विकास के क्षेत्र में अग्रणी इकाइयों में स्थापित करती है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
