एनसीएल ने सिंगरौली में खेल परिसर निर्माण एवं संचालन हेतु जिला प्रशासन,सिंगरौली के साथ किया एमओयू

Spread the love

सोनभद्र/सिंगरौली।मंगलवार को सिंगरौली स्थित कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड ने सीएसआर के तहत सिंगरौली में खेल परिसर (स्पोर्ट्स एकेडमी) के निर्माण, संचालन एवं रख-रखाव हेतु जिला प्रशासन, सिंगरौली के साथ एमओयू किया।

इस दौरान जिला कलेक्टर, सिंगरौली  गौरव बैनल एवं सीईओ  जगदीश गोमे की उपस्थित में, एमओयू पर एनसीएल की ओर से महाप्रबंधक (सीएसआर),  राजीव रंजन और जिला प्रशासन की ओर से कार्यकारी अभियंता (मध्य प्रदेश आवास एवं अवसंरचना विकास),  शेर सिंह कलेश ने हस्ताक्षर किए।

एनसीएल की इस सीएसआर पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय  प्रतिभाओं के लिए सिंगरौली परिक्षेत्र में खेलों के ढांचागत उन्नयन के साथ खेल पारिस्थितिकी तंत्र का विकास करना है। इसके अतिरिक्त युवाओं की  बेहतर फिटनेस के साथ उनकी छिपी हुई प्रतिभा की पहचान कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार करना भी है।

इस एमओयू के तहत एनसीएल द्वारा सिंगरौली में आधुनिक खेल परिसर का निर्माण, दो वर्षों तक उसका संचालन एवं रख-रखाव  हेतु 13.29 करोड़ का वित्तीय सहयोग दिया जाएगा। इनडोर एवं आउटडोर खेल सुविधाओं से युक्त इस खेल परिसर (स्पोर्ट्स एकेडमी) में स्विमिंग पूल, बास्केटबॉल कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन कोर्ट, क्रिकेट नेट प्रैक्टिस पिच और पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल हैं। 

एनसीएल की इस पहल से उपरोक्त वर्णित खेल की विधाओं में सिंगरौली परिक्षेत्र के खिलाड़ियों को योग्य प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण भी मिलेगा l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *