पतरातू । विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) एवं डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसायटी के मध्य दिनांक 9 अप्रैल 2026 को पीवीयूएनएल टाउनशिप में नर्सरी से कक्षा V तक के विद्यालय की स्थापना हेतु एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoA) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते पर पीवीयूएनएल की ओर से जियाउर रहमान, प्रमुख (मानव संसाधन) तथा डीएवी कॉलेज ट्रस्ट एंड मैनेजमेंट सोसायटी की ओर से अजय सूरी, महासचिव द्वारा हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ए.के. सहगल, शीर्ष प्रबंधन के अधिकारीगण एवं कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में सीईओ सहगल ने कहा कि यह विद्यालय टाउनशिप में रहने वाले कर्मचारियों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि इस पहल से बच्चों को दूर स्थित विद्यालयों में जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे आवागमन से जुड़े जोखिमों में भी कमी आएगी।
यह पहल पीवीयूएनएल के सामाजिक एवं पारिवारिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा टाउनशिप में शैक्षणिक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
