मंत्री ए.के. शर्मा का सख्त निर्देश : नगर विकास योजनाओं को दें रफ्तार, दो माह में दिखे ज़मीनी परिणाम

Spread the love

लंबित परियोजनाओं पर सख्ती : प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के आदेश

जनहित सर्वोपरि: अप्रैल–मई में युद्धस्तर पर काम कर जनता को त्वरित लाभ देने पर जोर

*पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ योजनाओं को धरातल पर उतारने के निर्देश*

लखनऊ।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आज लखनऊ स्थित संगम सभागार में नगर विकास विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा करते हुए मंत्री श्री शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पिछली वित्तीय वर्ष में जो योजनाएं किसी कारणवश अधूरी रह गई हैं, उन्हें चालू वित्तीय वर्ष में तत्काल शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वैश्विक नगर योजना के अंतर्गत नए प्रस्ताव आमंत्रित किए जाएं तथा दीनदयाल योजना, स्मार्ट पालिका योजना, सेफ सिटी योजना, एयर क्वालिटी योजना, मलिन बस्ती योजना एवं आदर्श नगर पंचायत जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं को तेज गति से आगे बढ़ाया जाए।

मंत्री श्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अप्रैल और मई माह नगर विकास कार्यों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इन दो महीनों में सभी योजनाओं की व्यापक समीक्षा करते हुए आवश्यक प्रस्ताव प्राप्त किए जाएं और युद्धस्तर पर कार्य कर अधिकतम परियोजनाएं पूर्ण की जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके।उन्होंने यह भी सख्त निर्देश दिए कि किसी भी फाइल को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और प्रत्येक प्रकरण पर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने आगे कहा कि सभी कार्य योजनाओं को पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत लंबित द्वितीय किस्त को केंद्र सरकार से धनराशि प्राप्त होते ही पात्र लाभार्थियों को तत्काल जारी किया जाए, ताकि वे वर्षा ऋतु से पूर्व अपने आवासों का निर्माण पूर्ण कर उसमें निवास कर सकें।बैठक में प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद, सचिव रविंद्र कुमार, विशेष सचिव सत्य प्रकाश पटेल एवं भानु त्रिपाठी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *