सोनभद्र/सिंगरौली।एनटीपीसी विंध्याचल के स्टेज-4 में यूनिट-12 ओवरहॉलिंग टीम को प्रेरित करने हेतु एक प्रभावशाली मेगा पेप टॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रत्येक कर्मचारी को सुरक्षित कार्य संस्कृति अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख (विंध्याचल) संजीब कुमार साहा उपस्थित रहे। उन्होंने सभी कर्मचारियों को सुरक्षा शपथ दिलाई और भावनात्मक संदेश देते हुए कहा कि हर कर्मचारी अपनी सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करे, ताकि उनके परिजन उन्हें प्रतिदिन सुरक्षित और स्वस्थ घर लौटते हुए देख सकें।
वरिष्ठ प्रबंधन ने भी अपने विचार साझा करते हुए सुरक्षा के महत्व पर जोर दिया। ए. जे. राजकुमार, महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने पीपीई को दैनिक वर्दी के रूप में अपनाने की आवश्यकता बताई। वहीं श्री एम. सुरेश, महाप्रबंधक(अनुरक्षण एवं एडीएम) ने “सुरक्षा परमोधर्म” का संदेश दिया। एस. के. सिन्हा, महाप्रबंधक(प्रचालन एवं एफएम) ने टूल बॉक्स टॉक के बाद पीपीई के नियमित उपयोग और सुरक्षा नियमों के कड़ाई से पालन पर बल दिया।
आशीष अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक(सुरक्षा) ने भीषण गर्मी के दौरान आवश्यक सावधानियों पर प्रकाश डालते हुए कर्मचारियों से स्वयं के साथ-साथ अपने सहकर्मियों का भी ध्यान रखने का आग्रह किया। कार्यक्रम में संदीप कोहली, अपर महाप्रबंधक(ईएमडी) तथा प्रगीत उपाध्याय, अपर महाप्रबंधक(बीएमडी) ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।
इस कार्यक्रम में लगभग 300 से अधिक कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही विभिन्न विभागाध्यक्षों द्वारा नामित 45 सुरक्षा-सचेत कर्मचारियों को प्रेरणा स्वरूप उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस प्रकार के मेगा पेप टॉक कार्यक्रम प्रबंधन और संविदा कर्मियों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं, जो सुरक्षा संस्कृति को और सुदृढ़ बनाने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
कार्यक्रम का समापन आशीष अग्रवाल, अपर महाप्रबंधक(सुरक्षा) द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण सहयोग की सराहना की।
