विश्व पृथ्वी दिवस पर पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना में सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

हजारीबाग, पकरी बरवाडीह । विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की पकरी बरवाडीह कोयला खनन परियोजना द्वारा एक विशेष सामूहिक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पृथ्वी के संरक्षण, सतत विकास और पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि परियोजना प्रमुख  सुब्रत कुमार दाश ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने पर्यावरण की रक्षा हेतु जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाने की आवश्यकता पर बल दिया और सभी से पृथ्वी के संसाधनों के संरक्षण, प्रदूषण में कमी तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारीगण —  वीरेंद्र कुमार (अपर महाप्रबंधक, पर्यावरण प्रबंधन),  अमुदाला प्रताप (अपर महाप्रबंधक, कोयला प्रेषण),  सदानंद चारि उत्नूरि (अपर महाप्रबंधक, माइनिंग) तथा पवन वसंतराव खांडवे (अपर महाप्रबंधक, माइनिंग) सहित अन्य अधिकारियों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

इस कार्यक्रम के दौरान यह जानकारी दी गई कि अब तक परियोजना द्वारा लगभग 6 लाख वृक्षों का रोपण किया जा चुका है, जिससे अनुमानित 42 लाख किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आई है। परियोजना भविष्य में भी पर्यावरणीय संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और दृढ़ता से निभाने के लिए संकल्पित है। एनटीपीसी की यह पहल भारत सरकार द्वारा निर्धारित 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन (Net Zero Emissions) के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्त्वपूर्ण योगदान प्रदान करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *