गुप्तकाशी शिवद्वार धाम में श्रद्धा का सागर, भव्य रूप से मनाई गई महाशिवरात्रि

Spread the love

सोनभद्र। घोरावल स्थित प्राचीन शिवद्वार मंदिर, जिसे गुप्तकाशी के नाम से भी जाना जाता है, में रविवार को महाशिवरात्रि का पर्व पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।

महाशिवरात्रि को लेकर कई दिन पहले से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। दस दिवसीय मेले के तहत मंदिर परिसर को फूलों, झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया। बाबा भोलेनाथ और माता पार्वती का विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर विशेष वस्त्र और श्रृंगार सामग्री मंगाकर भगवान का दिव्य अलंकरण किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।भोर में मंगला आरती के साथ पूजा-अर्चना शुरू हुई। पूरे दिन श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र और धतूरा अर्पित किया। रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार के बीच भक्तों ने पूरी निष्ठा से पूजा की। रात में रात्रि जागरण और महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने भंडारे और प्रसाद वितरण की व्यवस्था की। दूर-दराज के गांवों और पड़ोसी जिलों से भी श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। यातायात व्यवस्था और दर्शन की कतारों को सुव्यवस्थित रखा गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।महाशिवरात्रि के अवसर पर जिले के अन्य शिवालयों में भी आस्था का वही उत्साह देखने को मिला। रॉबर्ट्सगंज, बरैला, पंचमुखी, गौरीशंकर और ओबरा सहित कई स्थानों पर शिव बारात और विशेष पूजा अर्चना का आयोजन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *