पीडीडीयू नगर। सिक्ख पंथ के स्थापना दिवस वैशाखी 13 अप्रैल के उपलक्ष्य में आज रविवार को सायं 7.00 बजे स्थानीय इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी के मैदान से नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। जिसमें सबसे पहले घोड़े पर सवार युवक धर्म पताका लिए हुए थे,इसके बाद पंच प्यारे का स्वरूप धरे पांच सिक्ख चल रहे थे,बीच में गतका दल द्वारा विभिन्न प्रकार के करतब दिखाते चल रहे थे,महिलाओं की टोली भजन कीर्तन करती चल रही थी, भजन मंडली के कलाकार अपने भजनों से शोभायात्रा में शामिल लोगों को रसशिक्त कर रहे थे,और अंत में एक बड़े वाहन पर गुरुग्रंथ साहिब का दीवान सजाकर गुरुवाणी का निरंतर पाठ किया जा रहा था। जिसके आगे आगे श्रद्धालुगण जल का छिड़काव कर सफाई करते हुए गुरुग्रंथ साहिब की अगवानी कर रहे थे।

शोभायात्रा के स्वागत में नगर में दर्जनों स्वागत द्वार बनाए गए थे। रिक्शा स्टैंड पर अध्यक्ष कयामुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में शोभायात्रा का स्वागत किया गया इसके अतिरिक्त जगह जगह शोभायात्रा में शामिल लोगों के ऊपर विभिन्न संस्थाओं द्वारा पुष्प वर्षा व ठंडा पानी,शरबत एवं जलपान की व्यवस्था की गई थी। शोभायात्रा की सुचारू व्यवस्था में गुरुद्वारा प्रबंध समिति व चड्डीकलां कार सेवा समिति के सदस्य बड़ी तन्मयता से लगे थे,सुरक्षा की दृष्टि से मुगलसराय कोतवाली पुलिस थानाप्रभारी के नेतृत्व में डटी रही। शोभायात्रा के व्यवस्था में सर्वश्री सरदार रंजीत सिंह,सरदार महेंद्र सिंह,सरदार नरेंद्र पाल सिंह,सरदार सुरेंद्र सिंह,सरदार मनमीत सिंह,सरदार संता सिंह इत्यादि लोग शामिल रहे।
