जमथल में एनटीपीसी कोलडैम द्वारा निर्मित दो सर्वसुविधायुक्त स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्रों का उदघाटन 

Spread the love

आंगनवाड़ी केन्द्रों को बेहतर बनाना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम -एस. एस. राव

विलासपुर (हि प्र)। छोटे बच्चों के सर्वांगिण विकास को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, एनटीपीसी कोलडैम द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत ग्राम पंचायत जमथल के दो आंगनवाड़ी केन्द्रों जमथल गाँव एवं धार जमथल को सुंदर बाल वाटिका (स्मार्ट आंगनवाड़ी) के रूप में विकसित किया गया, जिसका लोकार्पण परियोजना प्रमुख श्री एस. एस. राव द्वारा द7अप्रैल 2026 को किया गया। एनटीपीसी कोलडैम द्वारा इन आंगनवाड़ी केन्द्रों का नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है, जिसमें भवनों की मरम्मत, विद्युत उपकरण, किचन एवं शौचालय की व्यवस्था तथा वाटर फिल्टर आदि की स्थापना कराई गयी है। साथ ही, स्मार्ट टीवी, वाई-फाई बच्चों के बैठने हेतु मेज-कुर्सी, खेलने के लिए खिलौने, तथा पुस्तकें आदि सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है। इस कार्य का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित आंगनवाड़ी केन्द्रों को सर्वसुविधायुक्त बनाकर बच्चों की उपस्थिति बढ़ाना है। आंगनवाड़ी नवीनीकरण का कार्य एनटीपीसी कोलडैम के सहयोग से एनोबल सोशल इनोवेशन फाउंडेशन द्वारा संपन्न किया गया।

उद्घाटन के अवसर पर एनटीपीसी कोलडैम संगिनी संघ की अध्यक्षा श्रीमती नर्मदा राव, मानव संसाधन प्रमुख श्रीमती मंगला हरीन्द्रन, डीपीओ बिलासपुर  नरेंद्र कुमार, सीडीपीओ सदर बिलासपुर श्रीमती सत्या ठाकुर, सीईओ एनोबल सोशल इनोवेशन फाउंडेशन श्री चिराग भंडारी तथा पूर्व प्रधान जमथल श्रीमती कल्पना देवी उपस्थित रहे। यह कार्य एनटीपीसी कोलडैम के सीएसआर विभाग की वरिष्ठ प्रबंधक डॉ अंजुला अग्रवाल एवं सहायक प्रबंधक पूरन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में, बच्चों की हर आवश्यकता और समग्र विकास को केंद्र में रखते हुए सम्पूर्ण किया गया।

मौके पर उपस्थित नरेंद्र कुमार ने बताया कि एनटीपीसी कोलडैम द्वारा पूर्व में चंगर में पहली स्मार्ट आंगनवाड़ी विकसित की गई थी, जिसके परिणामस्वरूप वहाँ बच्चों की संख्या 2 से बढ़कर 24 हो गई है। उन्होंने एनटीपीसी कोलडैम द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी वह केंद्र है जहाँ गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य और शिक्षा की नींव रखी जाती है, जो आगे चलकर एक अच्छे नागरिक के निर्माण में सहायक होती है। यदि एनटीपीसी कोलडैम इस दिशा में कोई भी पहल करता है, तो हम उसका पूर्ण सहयोग करेंगे।

मुख्य अतिथि  एस. एस. राव ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एनटीपीसी का प्रयास है कि नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत परियोजना के आसपास के गांवों के विभिन्न वर्गों के विकास हेतु निरंतर जनकल्याणकारी कार्य किए जाएं। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों को बेहतर बनाना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने विश्वास जताया कि इस पहल से बच्चों की पढ़ाई के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने बच्चों एवं उनके अभिभावकों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से आंगनवाड़ी आने तथा उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया। समारोह में मोजूद अभिभावकों ने एनटीपीसी कोलडैम का आभार व्यक्त किया तथा क्षेत्र में किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *