डीएम ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर ग्राम में हुए विकास की जानी हकीकत

जन कल्याणकारी योजनाओं से जन-जन को किया जाये लाभान्वित-मंत्री, संजीव गौंड़
सोनभद्र। मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव गौंड़ की उपस्थिति में व जिलाधिकारी बी0 एन0 सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को चोपन ब्लाक के ग्राम जुगैल के पंचायत भवन में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। श्री गौंड़ ने उपस्थित ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ द्वारा ग्रामीणों के जीवन स्तर में बेहतर सुधार हेतु अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हो रही हैं, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में व्यापक सुधार हो रहा है। इसी क्रम में आज ग्रामीणों के समस्याओं के निराकरण हेतु जिलाधिकारी के नेतृत्व में ग्रीन, ग्राम चौपाल का आयोजन किया जा रहा है।
चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्षारोपण करके वातावरण को शुद्ध करने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है, जिससे कि प्रदूषण का स्तर कम हो और लोग स्वस्थ्य रहें। चैपाल के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य भी किया जा रहा है। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर ग्रामीणों की समस्याओं को सुने और उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि इस चौपाल में ग्रामीणों द्वारा जो भी समस्याएं बताई गई हैं, उसका निराकरण शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाये, उन्होंने कहा कि ग्रीन चौपाल का उद्देश्य है कि ग्रामीण अंचल में अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर वातावरण को शुद्ध करते हुए प्रदूषण रहित बनाया जा सके और गांवों में जैविक खेती, ग्राम वन की स्थापना भी की जाए और अधिक से अधिक वृक्ष लगाते हुए वन के स्वरूप को बेहतर बनाया जाये।
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजनान्तर्गत गांव में रोजगार की सुविधा उपलब्ध करायी जाये, ग्रामीणांचल की महिलाओं को समूहों से जोड़ा जाये, ग्राम जुगैल में 167 समूहों का गठन अब तक किया गया है, उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना के अन्तर्गत पात्र लाभार्थियों के कार्ड बनाये जाये, आंगनबाड़ी केन्द्रों पर नियमित रूप से पोषाहार का वितरण किया जाये, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवास की सुविधा उपलब्ध कराने का कार्य किया जाये। इस दौरान जिलाधिकारी ने ए0डी0ओ0 पंचायत चोपन को निर्देशित करते हुए कहा कि जो भी शौचालय अपूर्ण अवस्था में है और उसका उपयोग नहीं किया जा रहा है, उन शौचालयों का मरम्मत कराकर उपयोग में लाने हेतु ग्रामीणों को प्रेरित किया जाये, कहा कि कन्या सुमंगला योजना प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, इस योजना से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाये, ग्रामीणों को नियमित रूप से निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया जाये, केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं से कोई पात्र व्यक्ति लाभान्वित होने से वंचित न रहने पायें।
इस दौरान शासन द्वारा जन कल्याणकारी, विकास योजनाओं का समयबद्ध एवं पूर्ण क्रियान्वयन, उनका लाभ जनता तक पहुंचाने तथा भयमुक्त समाज की स्थापना हेतु कानून व्यवस्था आदि बिन्दुओं पर ग्रामीणों को जानकारी दी गयी। ग्रामीणों को वृद्धा, विधवा व दिव्यांग पेंशन के फार्म भरने, स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देने, आयुष्मान कार्ड बनाने, श्रम विभाग की योजनाओं की जानकारी दी गयी। चैपाल में जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से अपील किया कि प्राथमिक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति काफी कम रहती है, इसलिए अध्यापकों के साथ ही अभिभावक भी बच्चों को स्कूल भेजने में रूचि ले, जिससे बच्चों शिक्षा स्तर बढ़ सकें। इस मौके पर पंचायत परिसर में मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गौंड़, जिलाधिकारी द्वारा पौध रोपण भी किया गया। आयोजित जन चैपाल के मौके पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) रोहित यादव, जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, तहसीलदार ओबरा, डी0सी0 मनरेगा रवीन्द्र वीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला पूर्ति अधिकारी धु्र्रव गुप्ता, डी0सी0 एन0आर0एल0 सरिता सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकरी अजय मिश्रा, खण्ड विकास अधिकारी चोपन अजीत यादव, ग्राम प्रधान सहित भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
