डाला गोलीकांड की 34वीं पुण्यतिथि पर सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि,
‘डाला तेरा बलिदान याद करेगा हिंदुस्तान’ के नारों से गूंजा क्षेत्र
डाला। उत्तर प्रदेश सीमेंट निगम की फैक्ट्रियों के निजीकरण के विरोध में हुए ऐतिहासिक डाला गोलीकांड की 34वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को सैकड़ों लोगों ने वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सांकेतिक चक्का जाम कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। गगनभेदी नारे ‘डाला तेरा यह बलिदान, याद करेगा हिंदुस्तान’ से पूरा इलाका गूंज उठा।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार नरेंद्र नीरव ने किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र डाला चौकी प्रभारी आशीष कुमार सिंह मय फोर्स तैनात रहे।
याद रहे कि 2 जून 1990 को तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के शासनकाल में डाला, चुर्क और चुनार की सीमेंट फैक्ट्रियों को डालमिया ग्रुप को बेचे जाने का विरोध कर रहे कर्मचारियों व छात्रों पर पुलिस ने लाठीचार्ज व गोलीबारी की थी। इस बर्बर कार्रवाई में एक छात्र समेत कुल 9 लोग शहीद हुए थे—रामप्यारे कुशवाहा, शैलेंद्र कुमार राय, सुरेंद्र दुबे, बालगोविंद, रामधारी, रामनरेश राम, नंद कुमार गुप्ता, दीनानाथ एवं छात्र राकेश उर्फ जयप्रकाश त्रिपाठी। इसके अलावा सैकड़ों लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
घटना की स्मृति में हर वर्ष 2 जून को नगरवासी शहीदों की पुण्यतिथि मनाते हैं। इस वर्ष भी दोपहर 3:20 बजे — गोलीकांड के समयानुसार — राजमार्ग पर वाहनों को रोककर सांकेतिक चक्का जाम किया गया। इसके उपरांत दो मिनट का मौन रखा गया और शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
समाजसेवी गायत्री त्रिपाठी की अगुवाई में सुबह से पूजा-अर्चना, दुर्गा सप्तशती पाठ, हरि कीर्तन और सुंदरकांड पाठ हुआ। समाजसेवी संतोष कुमार बबलू, सभासद अवनीश पांडेय व अंशु पटेल के नेतृत्व में यात्रियों व राहगीरों को ठंडा शर्बत वितरित किया गया।
इस अवसर पर अल्ट्राटेक सीमेंट यूनिट से संदीप हिवारेकर, एडमिन हेड बन्ने सिंह राठौर, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर तिवारी, कांग्रेस नेता जूली तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष फूलवंती देवी, कार्यक्रम संयोजक ओमप्रकाश तिवारी समेत सैकड़ों गणमान्य नागरिक, श्रमिक नेता, शहीदों के परिजन व क्षेत्रीय जनता शामिल रही।
डाला गोलीकांड आज भी संघर्ष, बलिदान और मजदूर एकता की मिसाल के रूप में इतिहास में दर्ज है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
