हिन्दी पत्रकारिता दिवस एवं भारतीय पत्रकार एसोसिएशन का 9वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से सम्पन्न

Spread the love

रेणुकूट। भारतीय पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में शुक्रवार को मुर्धवा स्थित इंडियन पब्लिक स्कूल में हिन्दी पत्रकारिता दिवस एवं एसोसिएशन के 9वें स्थापना दिवस का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ झारखंड, बिहार व मध्य प्रदेश से आए पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन से हुई। उपाध्यक्ष लल्लन गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

कार्यक्रम के दौरान “पत्रकारिता के गिरते स्तर का जिम्मेदार कौन?” विषय पर विशेष चर्चा सत्र का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार अभय भार्गव ने कहा कि सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के कारण पत्रकारिता की साख पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि बिना तथ्य और अनुभव के सोशल मीडिया पर पत्रकारिता के नाम पर जो गतिविधियाँ हो रही हैं, उससे सही पत्रकारों की विश्वसनीयता भी प्रभावित हो रही है।संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राम आश्रय राय ने पत्रकारिता के गिरते स्तर के लिए वित्तीय दबाव, राजनीतिक हस्तक्षेप, सोशल मीडिया का दुरुपयोग और मीडिया संस्थानों की मनमानी को प्रमुख कारण बताया। उन्होंने पत्रकारों के लिए नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों व समाजसेवियों को सम्मानित करना एवं पत्रकारिता के महत्व पर संवाद स्थापित करना था। इस अवसर पर अनेक पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में विवेक पांडे, ए. के. गुप्ता, अखिलेश कुमार मिश्रा, नईम गाजीपुरी, अमिताभ मिश्र, सर्वेश सिंह, किशन पाण्डेय, मनोज तिवारी, संतोष नागर, एमपी गांधी, अवधेश शुक्ला, अजय राय, अखिलेश यादव समेत बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *