आमजनता को पुरातत्व के प्रति जागरूक करने के अभियान के तहत ग्वालपुर गांव में लगायी गयी छायाचित्र प्रदर्शनी 

Spread the love

लखनऊ : संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय द्वारा आमजन में पुरातत्व विषयक अभिरुचि एवं जागरूकता बढ़ाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत प्रदेश के 75 जनपदों में स्थित विद्यालयों, इंटर कॉलेजों, महाविद्यालयों तथा विश्वविद्यालयों में मोबाइल छायाचित्र प्रदर्शनी एवं व्याख्यानों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में लखनऊ जनपद के काकोरी ब्लॉक अंतर्गत ग्वालपुर गांव स्थित विद्यालय में आज दिनांक 14 जुलाई 2025 को एक छायाचित्र प्रदर्शनी एवं व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस आयोजन में ग्वालपुर गांव सहित समीपवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों को आमंत्रित किया गया, जिन्होंने प्रदर्शनी में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश की समृद्ध पुरातात्विक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों, अवशेषों, उत्खनन स्थलों तथा धरोहरों के चित्रों को प्रदर्शित किया गया। वहीं व्याख्यान के माध्यम से प्रतिभागियों को राज्य की सांस्कृतिक धरोहर, संरक्षण की आवश्यकता, एवं पुरातत्व के महत्व से अवगत कराया गया।

माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री के नेतृत्व में संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं उसकी सांस्कृतिक इकाइयाँ एवं स्वायत्तशासी सास्थान सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर संकल्पित है। हमारी संस्कृति हमारी पहचान है और उसका संरक्षण भावी पीढ़ियों के लिए आवश्यक है। ऐसी गतिविधियाँ ग्रामीण क्षेत्रों तक हमारी ऐतिहासिक विरासत को पहुँचाने का सशक्त माध्यम हैं। इस आयोजन में पुरातत्व विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को पुरातत्व के क्षेत्र में संभावनाओं, अध्ययन विधियों एवं करियर के अवसरों पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया। उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व विभाग का यह प्रयास न केवल जन-जागरूकता को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि नई पीढ़ी को अपने सांस्कृतिक और ऐतिहासिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी सिद्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *