एनटीपीसी सिंगरौली में उत्तरी क्षेत्र व्यावसायिक चक्र सम्मेलन 2025-26 के प्रथम दिवस का भव्य शुभारंभ

Spread the love

सोनभद्र। एनटीपीसी सिंगरौली परियोजना में 9 फरवरी 2026 को उत्तरी क्षेत्र व्यावसायिक चक्र सम्मेलन (नॉर्दर्न रीजन प्रोफेशनल सर्कल कन्वेंशन – 2025-26) के प्रथम दिवस का भव्य शुभारंभ मनोरंजन केंद्र ऑडिटोरियम, एनटीपीसी शक्तिनगर टाउनशिप में किया गया। सम्मेलन में एनटीपीसी के उत्तरी क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं से आए प्रोफेशनल सर्कल टीमों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

सम्मेलन का उद्घाटन दिवाकर कौशिक, क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (उत्तर) एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एनएसपीसीएल) द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र के दौरान गणमान्य अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्ज्वलन, एनटीपीसी गीत तथा परियोजना प्रमुख द्वारा स्वागत संबोधन प्रस्तुत किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में श्री कौशिक ने प्रोफेशनल सर्कल गतिविधियों को संगठन में नवाचार, गुणवत्ता सुधार एवं सतत विकास को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम बताया।

सम्मेलन के प्रथम दिवस के दौरान विभिन्न प्रोफेशनल सर्कल टीमों द्वारा तकनीकी उत्कृष्टता, परिचालन दक्षता, सुरक्षा, लागत नियंत्रण तथा नवाचार से संबंधित विषयों पर विस्तृत प्रस्तुतियाँ दी गईं। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने कार्यानुभव, नवोन्मेषी समाधान एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा किया, जिससे ज्ञान-विनिमय एवं निरंतर सुधार की संस्कृति को बढ़ावा मिला। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख एवं कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी सिंगरौली संदीप नायक ने अपने संदेश में कहा कि प्रोफेशनल सर्कल सम्मेलन कर्मचारियों की सृजनात्मक क्षमता को मंच प्रदान करने के साथ-साथ संगठनात्मक लक्ष्यों की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से टीम भावना, समस्या समाधान क्षमता तथा कार्यस्थल पर उत्कृष्टता को नई दिशा मिलती है।

सम्मेलन के दौरान प्रतिभागियों के लिए चाय एवं मध्याह्न भोजन अवकाश की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम के शेष सत्रों में विभिन्न प्रोफेशनल सर्कल टीमों द्वारा नवाचार, गुणवत्ता सुधार एवं परिचालन उत्कृष्टता से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियाँ दी गई, जिनके माध्यम से अनुभव साझा करने एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहन मिला। उत्तरी क्षेत्र व्यावसायिक चक्र सम्मेलन 2025-26 का प्रथम दिवस सीख, नवाचार और सहभागिता की भावना के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *