विधायक खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ, हाइडिल मैदान में एक माह तक चलेगा खेल उत्सव

Spread the love

सोनभद्र। सोनभद्र नगर स्थित हाइडिल मैदान पर गुरुवार को एक माह तक चलने वाले विधायक खेल महाकुंभ का शानदार और भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। कार्यक्रम के आयोजक सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और युवाओं में अनुशासन, स्वास्थ्य और टीम भावना का विकास करते हैं।विधायक खेल महाकुंभ के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद सोनभद्र की अध्यक्ष रूबी प्रसाद रहीं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पंडित मदन मोहन मालवीय के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मैदान में उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों और दर्शकों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम गान किया।

शांति और एकता का संदेश देते हुए मुख्य अतिथियों द्वारा कबूतर उड़ाए गए और तिरंगे के रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। इस दौरान पूरा खेल मैदान देशभक्ति और उत्साह से गूंज उठा। खिलाड़ियों के साथ-साथ दर्शक भी रोमांच से भर उठे।खेल महाकुंभ के पहले दिन ऐसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया गया, जो आज विलुप्ति के कगार पर हैं। गुल्ली-डंडा, सीतो टायर दौड़, लट्टू नाच जैसे खेलों के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। सांस्कृतिक आयोजन में जनपद के प्रसिद्ध मिमिक्री कलाकारों ने विभिन्न प्रसिद्ध व्यक्तियों की मिमिक्री प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। कार्यक्रम में पत्रकारों ने भी गुल्ली-डंडा खेल में हिस्सा लेकर उत्साह बढ़ाया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्त, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष व वरिष्ठ भाजपा नेता रमेश मिश्रा, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अमरेश पटेल, नगवां ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह, सभासद पप्पू दुबे व दीपक दुबे, चोपन मंडल अध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुप्ता, शंभू नारायण सिंह, चतरा मंडल अध्यक्ष जोगेंद्र बिंद, सत्य प्रताप सिंह, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष पुष्पा सिंह, गुडिया तिवारी, ज्योति खरवार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी और नगरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *