50 प्रतिशत अनुदान पर किसानों को ढैंचा बीज दे रही सरकार…..

Spread the love

मृदा का स्वास्थ्य और किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने पर है फोकस 

प्रदेश के सभी जिलों के राजकीय कृषि बीज भण्डार पर अब तक कराई जा चुकी है 11656 कुन्तल बीज की आपूर्ति 

लखनऊ/ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बताया कि मृदा में जीवांश कार्बन एवं जैविक पदार्थ की वृद्धि तथा मृदा की उर्वरता बढ़ाने हेतु कृषि विभाग द्वारा 50 प्रतिशत अनुदान पर वर्ष 2025-26 सामान्य वितरण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम अन्तर्गत ढैंचा बीज के वितरण करने की कार्य-योजना बनाई गई है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु प्रदेश के समस्त जिलों के राजकीय कृषि बीज भण्डार पर अब तक 11656 कुन्तल बीज की आपूर्ति कराई जा चुकी है। 

उन्होंने बताया कि मृदा में घटते कार्बनिक पदार्थ की मात्रा, कम वर्षा के कारण मृदा में बढ़ती लवणता/क्षारीयता, भूमि में घटती जीवांश तत्वों की मात्रा की प्रतिपूर्ति हेतु ढैंचा की हरी खाद के रूप में प्रयोग इन समस्याओं को दूर करने हेतु रामबाण के रूप में कारगर है। जिप्सम द्वारा ऊसर सुधार के बाद पहली एवं दूसरी फसल के रूप में धान एवं गेहूं की खेती करते हैं।

उन्होंने किसानों से अपील की कि हरी खाद के लिए ढैंचा की बुवाई के उपरान्त 40-45 दिन बाद खड़ी फसल को मिट्टी पलट हल से पलटाई कर देनी चाहिए। बुवाई के बाद ढ़ैचा की पलटाई गहरी पैन वाली मिट्टी पलट हल से पलटाई करनी चाहिए, क्योंकि ढैंचा की जड़े काफी गहरी होती हैं, इससे मिट्टी की उपरी सख्त परत टूट भी जाती है एवं भूमि में सुधार के साथ-साथ जीवांश में वृद्धि होती है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के कृषि विभाग की योजनाओं अन्तर्गत विभागीय पोर्टल पर पंजीकृत समस्त श्रेणी के लाभार्थी कृषक 50 प्रतिशत अनुदान पर 40 किग्रा0/हेक्टेयर की दर से अधिकतम 02 हेक्टेयर सीमा तक बीज राजकीय बीज गोदाम से बीज प्राप्त कर अपने खेतों में समय से बुवाई करके खड़ी ढ़ैंचा की फसल को मृदा में मिलाने से कार्बनिक जीवांश की मात्रा की प्रतिपूर्ति के साथ ही मृदा की उर्वराशक्ति में वृद्धि हो सकती है जिससे मृदा की फसल उत्पादकता क्षमता में अवश्य ही वृद्धि होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *