महाप्रबंधक एवं डीआरएम एकादशों के बीच रोमांचक मुकाबला
* महाप्रबंधक टीम ने बिना विकेट खोए लक्ष्य हासिल कर दर्ज की शानदार जीत
प्रयागराज । उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल के डीएसए ग्राउंड में आयोजित महाप्रबंधक बनाम डीआरएम एकादश मैत्री क्रिकेट मैच में दोनों टीमों के बीच अत्यंत रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। मैच में डीआरएम टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डीआरएम टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 5 विकेट खोकर 157 रन बनाए। टीम की ओर से आकाश ने उत्कृष्ट बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 47 गेंदों में 98 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुँचाया। महाप्रबंधक एकादश की ओर से गेंदबाजी में डॉ. परवेज ने 3 विकेट एवं सतेंद्र जी ने 1 विकेट प्राप्त किया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाप्रबंधक टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिना कोई विकेट खोए मात्र 12.1 ओवर में 158 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। महाप्रबंधक एकादश की ओर से डॉ. परवेज ने 46 गेंदों में नाबाद 98 रन बनाकर टीम को विजय दिलाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए महाप्रबंधक टीम के डॉ. परवेज को “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार से सम्मानित किया गया। वहीं डीआरएम टीम के श्री आकाश को बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में महाप्रबंधक ने आयोजक मंडल को बधाई दी और कहा कि इस तरह के आयोजन अधिकारियों के मध्य आपसी सौहार्द बनाती है और वह आपसी कार्यालयीन वातावरण में भी प्रतिबिंबित होता है। कार्यक्रम के दौरान डीएसए स्पोर्ट्स सेल की ओर से डीआरएम रजनीश अग्रवाल द्वारा महाप्रबंधक को स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) भी भेंट किया गया। यह मैच खेल भावना, टीम वर्क एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक रहा, जिसमें दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
