एनटीपीसी गाडरवारा में ‘बालिका सशक्तिकरण अभियान  2025’ का शुभारंभ

Spread the love

गाडरवारा। एनटीपीसी गाडरवारा द्वारा 21 मई 2025 को बालिका सशक्तिकरण अभियान  2025 का शुभारंभ किया गया। यह एक माह का आवासीय प्रशिक्षण है, जिसमें परियोजना प्रभावित ग्रामों के सरकारी स्कूलों से पाँचवी कक्षा उत्तीर्ण बालिकाएँ भाग ले रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य इन बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख  श्याम कुमार ने दीप प्रज्वलन कर की, जिसमें महाप्रबंधक श्री समरेंद्र कुमार रॉय, अवनी महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती प्रीति कुमार, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, बालिकाएं और उनके अभिभावक भी उपस्थित रहे।

बालिका सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत एनटीपीसी गीत और स्वागत भाषण से हुई। इसके बाद जेम पर आधारित एक प्रेरणादायक लघु फिल्म दिखाई गई। पूर्व जेम प्रतिभागी बालिकाओं ने अपने अनुभव और प्रतिभा को साझा किया।

इस अभियान में प्रतिभागी बालिकाओं को संवाद कौशल, कंप्यूटर साक्षरता, योग, आत्मरक्षा, संगीत, नृत्य, कला, विज्ञान और नेतृत्व क्षमता जैसे विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह पहल उनके शारीरिक, मानसिक, शैक्षणिक और नैतिक विकास को बढ़ावा देगी।

अपने संबोधन में श्री श्याम कुमार ने कहा, “जेम हमारे संगठन को केवल उत्कृष्टता की ओर नहीं, बल्कि नैतिकता और पारदर्शिता की नई ऊँचाइयों की ओर ले जाने की एक प्रतिबद्ध पहल है। जब सुशासन, नैतिकता और प्रबंधन एक साथ चलते हैं, तो सतत विकास सुनिश्चित होता है। जेम के माध्यम से हम ग्रामीण बालिकाओं को एक ऐसा मंच दे रहे हैं, जहाँ वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं।”

जेम 2025 यह सिद्ध करता है कि एक सार्वजनिक क्षेत्र की इकाई सामाजिक उत्तरदायित्व निभाते हुए किस तरह भविष्य की पीढ़ियों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य कर सकती है। यह पहल शिक्षा, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *