*उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कवर्धा के गौरव पथ निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन*
*कवर्धा में विकास की बड़ी सौगात, 10.73 करोड़ की लागत से राजनांदगांव बायपास से नवीन बाजार तक बनेगा गौरव पथ*
रायपुर,/ कवर्धा शहर के विकास को नई ऊँचाई देते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज 10 करोड़ 73 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुप्रतिक्षित राजनांदगांव बायपास (पिलारी नहर) से नवीन बाजार तक गौरव पथ निर्माण कार्य का विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में सांसद संतोष पाण्डेय भी उपस्थित रहे। इस महत्त्वाकांक्षी परियोजना के साथ कवर्धा के विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के नेतृत्व में शहर अब तेज़ी से उस दिशा में आगे बढ़ रहा है, जहां आधुनिक सुविधाएं, सुदृढ़ सड़कें, बेहतर यातायात और सुनियोजित शहरी विकास कवर्धा की पहचान होंगे।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गौरव पथ केवल एक सड़क नहीं, बल्कि कवर्धा शहर के भविष्य को गति देने वाला विकास का मार्ग है। लोहारा रोड बायपास से नवीन बाजार तक बनने वाला यह मार्ग शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाएगा, व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ाएगा और शहर की सुंदरता को नई चमक देगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और सांसद संतोष पाण्डेय के प्रयासों से कवर्धा को मिली यह सौगात आने वाले वर्षों में शहर के समग्र विकास की सबसे मजबूत नींव साबित होगी।
यह परियोजना कवर्धा को एक विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर के रूप में स्थापित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस अवसर पर अध्यक्ष कृषक कल्याण बोर्ड सुरेश चंद्रवंशी, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, राजेन्द्र चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, अशोक साहू, पूर्व विधायक सियाराम साहू, मोतीराम चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार भट्ट, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुष्मा बघेल, अनिल सिंह ठाकुर एवं श्रीमती सतविंदर पाहुजा, नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि सांसद संतोष पाण्डेय के अथक प्रयासों से गौरव पथ निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुई है। उन्होंने बताया कि कवर्धा शहर में दो आधुनिक चौपाटियों का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही भारत माता चौक से समनापुर तक 2 करोड़ 60 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया है। उन्होंने आगे बताया कि रायपुर, बिलासपुर एवं राजनांदगांव से कवर्धा आने वाले प्रवेश मार्ग का चौड़ीकरण तथा इसे फोर-लेन डिवाइडर युक्त सड़क के रूप में विकसित करने हेतु 54 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। नया बस स्टैंड एवं मेडिकल कॉलेज को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए घोटिया रोड सहित गौरव पथ के दोनों मार्गों का उन्नयन किया जा रहा है।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कवर्धा को मेडिकल कॉलेज की एक बड़ी सौगात मिली है। इसके लिए 42 एकड़ भूमि आरक्षित कर ली गई है तथा लगभग सवा 300 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। मेडिकल कॉलेज में 50 सीटों हेतु तैयारी की जा रही है और 60 पदों की स्वीकृति भी प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पिपरिया एवं तरेगांव में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हेतु 52–52 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। बच्चों के लिए 50-सीटर क्रिटिकल केयर अस्पताल, जिला अस्पताल की क्षमता 100 से बढ़ाकर 220 बिस्तर, तथा सीटी स्कैन सेवा प्रारंभ की गई है। बोडला में सोनोग्राफी सेवा आरंभ की गई है। पिपरिया सहित दो स्थानों पर एंबुलेंस की सुविधा भी प्रारंभ की गई है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य एवं युवा कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। भोरमदेव विद्यापीठ निःशुल्क कोचिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। साढ़े 4 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा परिसर का भूमिपूजन किया गया है। कवर्धा के प्राचीन बूढ़ा महादेव परिसर में कांवरिया श्रद्धालुओं हेतु सुविधाओं के निर्माण का कार्य किया जाएगा। भोरमदेव पर्यटन क्षेत्र के उन्नयन हेतु 146 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कवर्धा में विकास कार्यों की गति निरंतर तेज हो रही है। रायपुर–बिलासपुर–राजनांदगांव मार्ग को फोरलेन में विकसित करते हुए कवर्धा प्रवेश मार्ग को उच्च स्तरीय स्वरूप देने के लिए 54 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के सभी हिस्सों में संतुलित एवं व्यापक विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्वच्छता के क्षेत्र में जनसहयोग आवश्यक है। प्रत्येक वार्ड और हर गली को स्वच्छ बनाने के लिए जनजागरण तथा सामुदायिक सहयोग अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं। एस.आई.आर. के संबंध में उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी का सजग रहकर सहयोग करना आवश्यक है।
10 करोड़ 73 लाख की लागत से बनेगी गौरवपथ
कवर्धा शहर में 10 करोड़ 73 लाख रू. की लागत से गौरवपथ का निर्माण किया जाएगा। कबीरधाम जिले में बनने वाले इस पहले गौरव पथ की लंबाई करीब 2 किलोमीटर से अधिक होगी। राजनांदगांव बायपास से पिलारी नहर होते हुए यह नवीन बाजार तक जुड़ेगी। इससे रामनगर वार्ड शिवाजी कॉलोनी, रामनगर, शांतिदीप कॉलोनी और नवीन बाजार के रहवासियों को लाभ होगा।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
