उल्लासपूर्वक मना ऊँचाहार परियोजना का स्थापना दिवस

Spread the love

ऊंचाहार। फिरोज़ गांधी ऊँचाहार परियोजना का स्थापना दिवस उल्लासपूर्ण वातावरण में मनाया गया। महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) आशुतोष बिस्वास ने एनटीपीसी ध्वज फहराया तथा केक काटकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया। इस अवसर पर शांति और ऊंची उड़ान के प्रतीक गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। महाप्रबंधक दिलीप कुमार साहू, एस. यू. हरिदास तथा सभी विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष और महासचिव, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रियदर्शिनी महिला क्लब की पदाधिकारी महिलाएं तथा सीआईएसएफ के डिप्टी कमांडेंट अजय त्रिपाठी एवं अन्य विशिष्ट अतिथि भी केक काटने तथा गुब्बारों की उड़ान कार्यक्रम में शामिल रहे। मुख्य अतिथि ने ऊँचाहार परियोजना के अतीत और वर्तमान की चर्चा करते हुए इसे एनटीपीसी का सर्वश्रेष्ठ पावर प्लांट बनाने पर जोर दिया।

ऊँचाहार परियोजना के प्रारंभिक दौर के कर्मचारियों ने उस समय के अपने अनुभव साझा किए। समारोह को सफल बनाने हेतु मानव संसाधन प्रमुख पंकज कुमार ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा संचालित फिरोज़ गांधी ऊंचाहार परियोजना को एनटीपीसी ने 13 फरवरी 1992 को राज्य सरकार से अधिग्रहित किया था। एनटीपीसी की उत्कृष्ट कार्यप्रणाली के फलस्वरूप आज ऊंचाहार परियोजना ने न केवल एनटीपीसी, बल्कि देश के सम्पूर्ण विद्युत क्षेत्र में एक मॉडल विद्युत गृह के रूप में अपनी प्रतिष्ठा स्थापित की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *