हिंडालको महान में “महान क्रिकेट लीग 3.0” का उत्साहपूर्ण समापन

सिंगरौली। हिंडालको महान इकाई में 18 फरवरी से शुरू हुई “महान क्रिकेट लीग 3.0” का सफल समापन उत्साह और उमंग के साथ हुआ। कार्य के साथ-साथ खेल की भावना को बढ़ावा देने की पहल के तहत आयोजित इस लीग में महान के पाँच विभाग—CPP, कार्बन, पॉट रूम, कॉस्ट हाउस और कॉमन सर्विस—की टीमों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों के महान कर्मियों ने टीम बनाकर पूरे उत्साह के साथ मुकाबले खेले। फाइनल मैच में पॉट रूम और कार्बन की टीम आमने-सामने थीं। कप्तान संजय गुप्ता व शिवानंद के बीच हुए टॉस मे टॉस जीतकर पॉट रूम ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। कार्बन ने 10 ओवर में 8 विकेट खोकर 68 रन बनाए। जवाब में पॉट रूम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया और विजेता बनी।

NTPC

टूर्नामेंट में बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए लाल कुमार को सम्मानित किया गया। वहीं साजन पाण्डेय को फाइनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में निरंतर शानदार खेल के लिए मैन ऑफ द सीरीज का खिताब दिया गया।

समापन समारोह में इकाई प्रमुख एस. सेंथिल नाथ, मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा, वित्त प्रमुख रोहित मतेती, जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह तथा कार्बन हेड सूर्यकांत सहित शीर्ष प्रबंधन के सदस्यों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की।

इकाई प्रमुख एस. सेंथिल नाथ ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के आयोजन संस्थान में ऊर्जा और एकजुटता को बढ़ाते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए एचआर विभाग को धन्यवाद देते हुए पूरी टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की और कहा कि सुव्यवस्थित एवं अनुशासित तरीके से कार्यक्रम का संचालन सराहनीय रहा। मानव संसाधन प्रमुख डॉ. विवेकानंद मिश्रा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि स्वस्थ मानसिकता और सकारात्मक सोच का माध्यम है। नियमित खेल गतिविधियाँ कर्मचारियों के तनाव को कम करती हैं और टीम भावना को मजबूत बनाती हैं, जिससे कार्यस्थल पर बेहतर तालमेल विकसित होता है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्मिक विभाग से विनय तिवारी, उत्कर्ष भल्लिका, हरिशंकर मिश्रा एवं विष्णु का विशेष योगदान रहा।“महान क्रिकेट लीग 3.0” ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि जब काम और खेल साथ चलते हैं, तो संस्थान की कार्यसंस्कृति और अधिक सशक्त बनती है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *