दुद्धी में 25 हजार के इनामिया पशु तस्कर से मुठभेड़, पैर में लगी गोली

Spread the love

सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में रविवार की अल सुबह पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामिया पशु तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में तस्कर के पैर में गोली लगी, जबकि उसकी फायरिंग में कोतवाली प्रभारी बाल-बाल बच गए। घायल आरोपी को इलाज के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब 4:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि इनामिया पशु तस्कर सूरज चंद्रवंशी क्षेत्र में मौजूद है। आरोपी के खिलाफ एक जनवरी 2026 को पशु तस्करी का मुकदमा दर्ज हुआ था और उसकी तलाश की जा रही थी।सूचना पर पुलिस टीम खजूरी गांव से अमवार जाने वाले मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची और घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।मुठभेड़ के दौरान क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार राय, कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, एसएसआई कुँवर सिंह, कस्बा चौकी इंचार्ज हरिकेश राम और कांस्टेबल सर्वेश सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस पूरे मामले में विधिक कार्रवाई के साथ अन्य संभावित साथियों की तलाश में अभियान चला रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *