राँची।अर्पिता महिला मंडल की अध्यक्षा प्रीति सिंह के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों द्वारा ओरमांझी स्थित शांति सदन में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिलाओं के साथ क्रिसमस एवं नववर्ष समारोह का आयोजन अत्यंत प्रेम, उत्साह एवं सेवाभाव के साथ किया गया।
कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि संपूर्ण सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शांति सदन की निवासियों द्वारा ही दी गईं। संस्था की सिस्टर्स एवं फादर के प्रोत्साहन तथा सहयोग से निवासियों ने आत्मविश्वास के साथ गीत, समूह नृत्य एवं समूह हास्य नाटिका की सशक्त प्रस्तुति दी, जिसे अर्पिता महिला मंडल की सदस्यों सहित उपस्थित सभी लोगों ने मुक्त कंठ से सराहा।
शीत ऋतु को ध्यान में रखते हुए अर्पिता महिला मंडल द्वारा शांति सदन की निवासियों के बीच 50 कंबल एवं खाद्य पैकेट का वितरण किया गया, जिससे उन्हें ठंड के मौसम में राहत मिल सके। इसके अतिरिक्त, अर्पिता महिला मंडल की ओर से संस्था को ₹15,000 की नकद राशि आर्थिक सहायता स्वरूप प्रदान की गई।
इस अवसर पर अपने संबोधन में प्रीति सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्तियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उनके भावनात्मक स्वास्थ्य, सकारात्मक सोच एवं खुशियों को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन सौहार्द, उल्लास एवं सेवा भावना के वातावरण में हुआ, जो अर्पिता महिला मंडल की सामाजिक प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं मानवीय मूल्यों को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
