फोरलेन सड़क के निर्माण से बाढ़ बचाव के साथ ही यातायात की समस्या का समाधान होगा – मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री ने जनपद गोरखपुर में हावर्ट बांध पर बन रही फोरलेन सड़क के निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनपद गोरखपुर में हावर्ट बांध पर बन रही फोरलेन सड़क के निर्माण कार्यों का बहरामपुर रेगुलेटर नम्बर एक के समीप स्थलीय निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने फोरलेन सड़क के ड्रॉइंग मैप का अवलोकन कर प्रोजेक्ट की प्रगति की जानकारी ली और कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (निर्माण खण्ड-2) के अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। निरीक्षण के बाद लोगो। को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा कि इस फोरलेन से बाढ़ बचाव के साथ ही यातायात की बड़ी समस्या का समाधान होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर चारों ओर से जल से घिरा हुआ क्षेत्र है। पूर्व में रामगढ़ताल, उत्तर की तरफ चिलुआताल, पश्चिम की तरफ राप्ती नदी और पश्चिमोत्तर में रोहिन नदी गोरखपुर महानगर को घेरे हुए है। रोहिन नदी से बचाव के लिए माधोपुर तटबंध बना हुआ है। राप्ती और रोहिन नदी का संगम डोमिनगढ़ में होता है और इसके बाद राप्ती नदी गोरखपुर के पश्चिम की ओर से बहती है। राप्ती नदी की बाढ़ से बचाव के लिए हावर्ट बांध बना हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यदि कहीं बाढ़ आ जाती है, तो गोरखपुर महानगर ही महत्वपूर्ण केंद्र होता है जहां से बचाव के कार्य सुगमता से सम्पन्न होते हैं। बाढ़ से शहर के बचाव के लिए दशकों से मांग हो रही थी। वर्ष 2017-18 में इसी क्षेत्र में जब हावर्ट बांध पर राप्ती नदी का लेवल उठ रहा था, तब बाढ़ से बचाव के लिए अत्यन्त संवेदनशील स्थिति बन गई थी। काफी मशक्कत के बाद तटबंध को बचाया जा सकता था। इसे देखते हुए और यातायात की समस्या से भी निजात दिलाने के लिए एक नई व्यवस्था बनाई गई है। इसमें राजघाट से डोमिनगढ़ तक फोरलेन की सड़क बन रही है। डोमिनगढ़ में एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्य के प्रारम्भ होने से तात्कालिक रूप से कुछ लोगों को परेशानी हुई होगी। किसी का भी मकान आदि मार्ग में आ रहा हो, तो उसके सम्मानजनक ढंग से पुनर्वास और मुआवजे की व्यवस्था प्रशासन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने कहा कि इस पूरे कार्यक्रम को आमजन और व्यापारियों की सुरक्षा व सुविधा के दृष्टिकोण से सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आगे बढ़ाया जाएगा।इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *