*लंदन के ‘हाउसेस ऑफ पार्लियामेंट’ में आयोजित ‘होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026’ में बतौर विशिष्ट डेलीगेट होंगे शामिल

पीडीडीयू नगर: उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद के लिए गर्व का विषय है कि मुगलसराय के विख्यात चिकित्सक डॉ. अभिमन्यु पांडेय को ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश संसद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। आगामी 10 अप्रैल 2026 को लंदन स्थित ब्रिटिश संसद परिसर में आयोजित होने वाली ‘होलिस्टिक मेडिसिन कॉन्फ्रेंस 2026’ में वे बतौर विशिष्ट डेलीगेट भाग लेंगे।
यह आमंत्रण मर्टन कॉलेज, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी की वरिष्ठ अकादमिक हस्ती एवं ‘द 1928 इंस्टीट्यूट’ की को-चेयर डॉ. निकिता वेद (MBE) की ओर से भेजा गया है। डॉ. पांडेय को होम्योपैथिक मेडिसिन के क्षेत्र में उनके शोध और स्वास्थ्य सेवाओं में असाधारण योगदान के लिए यह सम्मान मिला है। विशेष रूप से अर्थराइटिस और ऑटो इम्यून डिजीज के उपचार एवं अध्ययन में उनके कार्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। सम्मेलन में डॉ. अभिमन्यु पांडेय ब्रिटिश सांसद शिवानी राजा (MP), बैरोनेस वर्मा और लॉर्ड रवल सहित वैश्विक नीति-निर्माताओं व स्वास्थ्य विशेषज्ञों के साथ मंच साझा करेंगे। ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के सचिवालय और इंडिया ऑल-पार्टी पार्लियामेंट्री ग्रुप (APPG) द्वारा समर्थित यह आयोजन भारत और ब्रिटेन के बीच चिकित्सा एवं शोध सहयोग को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।
अपनी उपलब्धि पर डॉ. पांडेय ने कहा,“ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी और ब्रिटिश पार्लियामेंट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों से मान्यता मिलना किसी भी चिकित्सक के लिए सर्वोच्च सम्मान है। मेरा प्रयास रहेगा कि मैं इस वैश्विक मंच पर काशी की ज्ञान-परंपरा और आधुनिक चिकित्सा शोध का सार्थक प्रतिनिधित्व कर सकूं।”डॉ. अभिमन्यु की इस उपलब्धि से न केवल चंदौली बल्कि पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। चिकित्सा जगत के विशेषज्ञ इसे उत्तर प्रदेश के किसी चिकित्सक को मिला अब तक का सबसे महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय सम्मानों में से एक मान रहे हैं।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।
