सोनभद्र। जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में एसओजी व थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।दिनांक 04 अप्रैल 2026 को गश्त और संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान बभनौली चौराहे के पास एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, जिसके बाद टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और हिन्दुआरी पुल के पास लगभग 02:11 बजे उसे पकड़ लिया।तलाशी के दौरान अभियुक्त सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूरज सिंह, निवासी रैपुरिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर, उम्र लगभग 28 वर्ष, के कब्जे से 101.76 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह इस हेरोइन को खरीदकर बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहा था।
बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 263/2026 धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या UP63AQ8477 को धारा 207 एमवी एक्ट के अंतर्गत सीज कर दिया गया है।इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उ0नि0 राजेश जी चौबे, उ0नि0 अनिल विश्वकर्मा, उ0नि0 महेन्द्र यादव, हे0का0 सतीश सिंह पटेल, हे0का0 संदीप यादव, हे0का0 दिनेश प्रजापति, का0 रितेश सिंह पटेल, का0 अजीत कुमार और चालक अजीत यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
