एनटीपीसी दादरी द्वारा 290 छात्राओं को वितरित की गई साइकिलें

Spread the love

गौतमबुद्ध नगर। एनटीपीसी दादरी द्वारा नैगम सामाजिक दायित्व के अंतर्गत 8वीं कक्षा उत्तीर्ण होने वाली 290 छात्राओं को साइकिलें वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण बालिकाओं के विद्यालय छोड़ने की दर को कम करना है, जिससे वे अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रख सकें और सफल एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ सकें।

इस अवसर पर एनटीपीसी दादरी के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख  के. चंद्रमौलि मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इनके संग एनटीपीसी दादरी के महाप्रबंधकगण, अधिकारीगण, जागृति समाज की वरिष्ठ सदस्याएं, विभिन्न ग्रामों के ग्राम प्रधान, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, एवं अभिभावकगण उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में बालिकाओं की साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

समीपवर्ती ग्रामों के कुल 21 विद्यालयों की छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। बालिकाओं के चेहरे पर खुशी, आत्मविश्वास और सपनों की चमक देखने योग्य थी। स्थानीय समुदाय, अभिभावकों, ग्राम प्रधानों और शिक्षकों ने इस प्रयास की सराहना की।

एनटीपीसी दादरी न केवल ऊर्जा का उत्पादन कर रहा है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं समग्र विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर विविध सीएसआर पहलों के माध्यम से स्थानीय समुदाय को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणास्पद भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *