सात अप्रैल को प्रस्तावित नीलामी के प्रतिभागियों को भी शामिल होने का अवसर
धनबाद।बीसीसीएल द्वारा ई-नीलामी उपभोक्ताओं के लिए आगामी 06 अप्रैल को कम्युनिटी हॉल, कोयला नगर में बिडर्स मीट का आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक उन सफल बोलीदाताओं (बिडर्स) के लिए आयोजित की जा रही है, जिन्होंने सीआईएल एसडब्ल्यूएमए (SWMA) ई-नीलामी के अंतर्गत 18 मार्च से 2 अप्रैल तक विभिन्न तिथियों के दौरान आयोजित ई-ऑक्शन में कोयला बुक किया है, साथ ही 07 अप्रैल को प्रस्तावित नीलामी के प्रतिभागियों को भी इसमें शामिल होने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
इस बैठक का आयोजन विशेष रूप से कैश बैक डिस्काउंट योजना (वास्तविक उठाव के आधार पर) के अंतर्गत सफल बोलीदाताओं के लिए किया जा रहा है। बैठक का मुख्य उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण कोयले के सुगम एवं समयबद्ध उठाव को सुनिश्चित करना है, ताकि बुक किये गए कोयले का प्रभावी रूप से निष्पादन किया जा सके। बैठक में बीसीसीएल शीर्ष प्रबंधन, कोयला भवन मुख्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी, क्षेत्रीय पदाधिकारी सहित कोयला प्रेषण से जुड़े हितधारक, ऑपरेटर एवं परिवहनकर्ता भी भाग लेंगे, जिससे रेल एवं सड़क मार्ग से कोयला प्रेषण से संबंधित सभी मुद्दों का व्यापक समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस बिडर्स मीट के माध्यम से बीसीसीएल उपभोक्ताओं के साथ प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान प्रदान करने तथा कोयला आपूर्ति प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुगम एवं उपभोक्ता-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठा रहा है।
