अघोर पीठ आश्रम,पड़ाव में लोलार्क षष्ठी पर्व से शुरू हुआ अघोरेश्वर जयंती पर्व

Spread the love

वाराणसी भाद्र शुक्ल षष्ठी,शुक्रवार दिनांक 29 अगस्त 2025 को अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम्, अवधूत भगवान राम कुष्ठ सेवा आश्रम, पड़ाव, वाराणसी में अघोराचार्य महाराजश्री बाबा कीनाराम जी का 425 वाँ जन्म षष्ठी (लोलार्क षष्ठी) पर्व श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी के सान्निध्य में भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। इसी के साथ परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी के 89वें जयंती पर्व के दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारम्भ हुआ।

इस अवसर पर प्रातःकालीन सफाई श्रमदान के बाद सुबह 8:00 बजे पूज्यपाद बाबा गुरुपद संभव राम जी ने महाराजश्री बाबा कीनाराम जी की प्रतिमा का विधिवत् पूजन किया। तत्पश्चात् अघोर शोध संस्थान के निदेशक डॉ० अशोक कुमार सिंह जी द्वारा सफलयोनि का पाठ किया गया। इसके पश्चात् पूज्य बाबा ने आश्रम के उपासना स्थल (चिरकुट देवी विहार) में हवन-पूजन के बाद दो दिनों तक चलने वाले अखंड संकीर्तन “अघोरान्ना परो मन्त्रः नास्ति तत्वं गुरोः परम्” का शुभारम्भ देवी मन्दिर की पञ्च परिक्रमा करके किया।

उल्लेखनीय है कि भाद्र शुक्ल सप्तमी तदनुसार शनिवार 30 अगस्त 2025 को परमपूज्य अघोरेश्वर भगवान राम जी की 89वीं जयंती मनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रान्तों से आए संस्था के सदस्य, भक्त व श्रद्धालुगण सम्मिलित हो रहे हैं।        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *