पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के पैतृक गांव बटेश्वर में बुनियादी सुविधाओं के विकास हेतु 27 करोड़ रूपए स्वीकृत – जयवीर सिंह

Spread the love

लखनऊ: पर्यटन विभाग देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती वर्ष को विशेष बनाने के लिए आगरा स्थित उनके पैतृक गांव बटेश्वर को एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। यह ऐतिहासिक स्थल न केवल अटल जी की विरासत से जुड़ा है, बल्कि यहां स्थित प्राचीन शिव मंदिरों की श्रृंखला भी धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पर्यटन विभाग 27 करोड़ रुपए की परियोजनाओं से बटेश्वर में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ कर क्षेत्रीय विकास का निर्णय लिया है।

उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बटेश्वर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को देखते हुए पर्यटन विभाग यहां बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करेगा, जिससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। राज्य सरकार बटेश्वर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इससे आगरा आने वाले पर्यटक केवल ताजमहल तक सीमित न रहे, बल्कि बटेश्वर, इत्र नगरी कन्नौज समेत अन्य पर्यटन स्थलों की ओर भी आकर्षित होंगे। 

उन्होंने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी जी के पैतृक गांव बटेश्वर में पर्यटन विकास योजनाओं को मूर्त रूप देने जा रही है। इसके लिए दो करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। पर्यटन विभाग इस राशि का उपयोग बटेश्वर में आधारभूत संरचनाओं के विकास, सड़क संपर्क सुधार और पर्यटक सुविधाओं के विकास में करेगा। इसका उद्देश्य न केवल बटेश्वर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करना है, बल्कि अटल जी की स्मृतियों को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना भी है। आगरा के बटेश्वर धाम स्थित गोपालेश्वर मंदिर से सांस्कृतिक संकुल तक घाट विकास कार्य के लिए 19 करोड़ रुपए की परियोजना स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार, बटेश्वर धाम में दो प्रवेश द्वारों के निर्माण (फिरोजाबाद रोड एवं एक्सप्रेस वे रोड पर) कार्य पर पांच करोड़ रुपए खर्च होंगे। ये प्रवेश द्वार क्षेत्र की महत्ता को प्रदर्शित करेंगे।   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *