सम्भावित कटान व बाढ़ प्रभावित लोगों से डीएम व एसपी ने संवाद कर राहत व बचाव का दिया भरोसा

Spread the love

जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने डीघ ब्लाक के डेंगुरपुर, हरिरामपुर, छेछूआ भूर्रा, इटहरा में सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत किया निरीक्षण

बाढ़ चौकियों पर कर्मचारियों को सतर्क रहने व राहत शिविर बनाने का दिया निर्देश

भदोही/ गंगा नदी में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आज विकास खण्ड डीघ के डेंगुरपुर, हरिरामपुर, छेछूआ भूर्रा, इटहरा में गंगा तट पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा वहां के फसलों व जल स्तर के बारे में जानकारी ली। डीएम व एसपी ने सम्भावित कटान व बाढ़ के दृष्टिगत स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को जाना, तथा उन्हें सम्भावित बाढ़ के दृष्टिगत सर्तक व जागरूक भी किया। छेछूआ में महिलाओं के समूॅह ने जिलाधिकारी से प्रतिवर्ष होने वाले कटान से कृषि क्षेत्र व आवास प्रभावित होने की समस्या को रखा। जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर को नियमानुसार कार्य करते हुए कटान प्रभावित लोगों को बगल के गॉव में निर्वासित करने का निर्देश दिया।
तत्पश्चात जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा शिवकरन मिश्र इण्टरमीडिएट इण्टर कालेज में स्थापित बाढ़ शरणालय/बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया तथा वहां पर किए गए व्यवस्थाओं व कर्मचारियों की उपस्थिति आदि का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ चौकियों के कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश देने के साथ ही गंगा के जल स्तर पर लगातार नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गंगा नदी का जलस्तर आगे बढ़ने पर यदि किसी गांव वालों परेशानी होती है तो तत्काल उसकी सहायता करें। किसी भी स्तर पर समस्या आने पर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाशत नही की जाएगी, बाढ़ चौकियों पर निर्धारित सभी सामाग्रियां/उपकरण उपलब्ध होने चाहिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में दो तहसीलों ज्ञानपुर व औराई से होते हुए गंगा नदी बहती है जिसमें नदी किनारे कई गांव होने के कारण बाढ़ की सम्भावना बनी रहती हैं। गंगा नदी का चेतावनी बिन्दु 80.20 मीटर है जबकि वर्तमान में गंगा नदी का जल स्तर 76.65 मीटर पर चल रहा है। उन्होंने बताया कि यमुना और बेतवा नदियों में जल स्तर वृद्धि होने के कारण तीन सेंटीमीटर प्रतिघण्टा से नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर शिव प्रकाश यादव, जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार, खण्ड विकास अधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *