प्राचीन धार्मिक स्थलों के आस-पास बुनियादी सुविधाओं के विकास तथा सौंदर्यीकरण से बढ़ेगी पर्यटकों की संख्या-जयवीर सिंह
लखनऊ: जनपद गोरखपुर में स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों को विकसित करके धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यटन विभाग ने 02.67 करोड़ रूपये की 07 परियोजनाएं स्वीकृत की है। इन प्राचीन मंदिरों में लोगों की बहुत आस्था है। विभिन्न पर्वो पर यहां बड़े मेले लगते है, जिसमें दूर-दराज के लोग धार्मिक अनुष्ठान एवं दर्शन के लिए आते है। इन मंदिरों में मां करवल देई मंदिर, भूलेश्वर मंदिर, पोछिया ब्रह्मस्थान, झारखंडी महादेव मंदिर, खजनी महादेव मंदिर शामिल है। इन मंदिरों के आस-पास बुनियादी सुविधाएं सृजित होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे संस्कृति, संस्कार तथा आस्था के साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने यह जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग धार्मिक, आध्यात्मिक और विरासत स्थलों को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रहा है। मुख्यमंत्री जी की अपेक्षाओं के अनुरूप गोरखपुर जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित प्रमुख धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास के लिए करोड़ों रुपए की परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं का उद्देश्य धार्मिक स्थलों को पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। पर्यटन मंत्री ने बताया कि गोरखपुर जिला मुख्यालय से 43 किलोमीटर दूर बांसगांव क्षेत्र के दक्षिणांचल में राष्ट्रीय राज्य मार्ग पर स्थित मझगांवा में स्थित मां करवल देई का प्राचीन मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। इस धार्मिक स्थल के सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर 38.29 लाख रुपए खर्च होंगे।
जयवीर सिंह ने बताया कि विधानसभा सहजनवां के विकास खंड पाली स्थित प्राचीन भूलेश्वर मंदिर के क्षेत्रीय विकास के लिए कुल 38.29 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस धनराशि से मंदिर परिसर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार सहित पर्यटन से जुड़ी आवश्यक संरचनाओं का विकास किया जाएगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि गोरखपुर जिले के चौरीचौरा तहसील अंतर्गत विकास खंड ब्रह्मपुर के नदुआ ज्ञानपार गांव में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 38.45 लाख रुपए की लागत से विकास कार्यों की परियोजना स्वीकृत की गई है। जिले के तहसील गोला अंतर्गत चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के विकास के लिए 38.15 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई है। इस परियोजना के तहत स्थानीय धार्मिक आस्था के केंद्र को संरक्षित करने और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में कार्य किए जाएंगे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।