बिरहोर टोला में स्कूली बच्चों को जूते वितरित, 250 पौधे लगाए गए

Spread the love

हजारीबाग।एनटीपीसी माइनिंग लिमिटेड की चट्टी बरियातु कोयला खनन परियोजना के तत्वावधान में बिरहोर टोला में एक विशेष सामाजिक एवं पर्यावरणीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिरहोर स्कूली बच्चों के बीच जूता वितरण एवं वृक्षारोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन परियोजना प्रमुख श्री नवीन गुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया, जिनके नेतृत्व में परियोजना निरंतर सामाजिक दायित्वों की पूर्ति के लिए तत्पर रहता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत स्थानीय विद्यालय के छात्रों को उनकी उम्र एवं आवश्यकता के अनुसार जूते वितरित किए गए। यह पहल बच्चों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी, क्योंकि इससे उन्हें स्कूल आने-जाने में सुविधा मिलेगी, उनके स्वास्थ्य की रक्षा होगी, और उनमें आत्मसम्मान एवं आत्मविश्वास की भावना भी विकसित होगी। यह पहल बच्चों की शिक्षा में नियमितता एवं भागीदारी को बढ़ावा देगी।

इसी कार्यक्रम के अंतर्गत, विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की श्रृंखला में वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया।परियोजना ने बिरहोर टोला के मुख्य परिवहन मार्ग के दोनों ओर 250 पौधों का रोपण किया गया। इस वृक्षारोपण का मुख्य उद्देश्य बिरहोर टोला के चारों ओर एक प्राकृतिक हरित परिधि तैयार करना है, जो धूल एवं प्रदूषण को कम करने में सहायक सिद्ध होगी। इसके अलावा यह हरित परिधि क्षेत्र में तापमान को नियंत्रित करने, मृदा अपरदन रोकने तथा जैव विविधता को बढ़ावा देने में भी सहायक सिद्ध होगी। वृक्षों की छाया भविष्य में राहगीरों के लिए भी उपयोगी होगी।

यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक कल्याण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना द्वारा उठाए गए इस प्रकार के प्रयास स्थानीय समुदाय के सतत विकास, स्वास्थ्य एवं शिक्षा में सहयोग प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में चट्टी बरियातु के मुखिया  झरीलाल महतो, अपर महाप्रबंधक  विजय किशोर,  नीलमाधव स्वैन,  यतीश कुमार तथा उप महाप्रबंधक  अशोक कुमार और  बी नवीन कुमार एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *