GEM: प्रशिक्षण लेने के बाद बच्चियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा – राम भजन मलिक

Spread the love

एनटीपीसी दर्लिपाली द्वारा आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन कार्यशाला-2025 का समापन समारोह

दर्लिपाली ।  एनटीपीसी दर्लिपाली द्वारा आयोजित बालिका सशक्तिकरण अभियान (GEM) के अंतर्गत ग्रीष्मकालीन कार्यशाला-2025 का समापन समारोह4 जून को परियोजना के कोणार्क प्रेक्षागृह में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन बालिकाओं के सर्वांगीण विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया गया। समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रमाण पत्र वितरण और गणमान्य व्यक्तियों के प्रेरक संबोधन शामिल थे।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में  राम भजन मलिक, कार्यकारी निदेशक (एनटीपीसी दर्लिपाली) एवं विशिष्ट अतिथि श्रीमती पूनम मलिक, अध्यक्षा, अभिलाषा लेडीज़ क्लब (दर्लिपाली) उपस्थित रहीं। इस अवसर पर  हरे राम सिंह, महाप्रबंधक (ओएंडएम), श्रीमती प्रतिभा सिंह, मानव संसाधन प्रमुख, विभिन्न विभागों के प्रमुखगण, एसोसिएशन व क्लब के पदाधिकारी, प्रशिक्षित बालिकाएँ एवं उनके परिजन बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इस अवसर पर श्री मलिक ने कहा, “मुझे विश्वास है कि GEM में प्रशिक्षण लेने के बाद इन बच्चियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। ये बच्चियाँ जीवन में नित नए आयाम स्थापित करेंगी और अन्य बालिकाओं को भी आगे बढ़ने हेतु प्रेरित करेंगी। उन्होने बेटी को पढाने और बेटियों को समाज में आगे बढ़ाने पर जोर दिया । 

चार सप्ताह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में दर्लिपाली, रायडीही, चिंचिंदा, नुआडीह, तिलाईमल, लोइसिंग, लाइकेरा, छोटाबंगा एवं कनकटुरा जैसे गाँवों के 9 सरकारी विद्यालयों की कुल 120 छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यशाला के दौरान बालिकाओं को अकादमिक विषयों जैसे अंग्रेज़ी, गणित, विज्ञान के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य व स्वच्छता, कंप्यूटर शिक्षा, कला, योग, खेलकूद, सेल्फ डिफेंस, बाल अधिकार, संगीत और व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। समापन समारोह में बालिकाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि GEM कार्यक्रम ने उनके आत्मविश्वास को बढ़ाया है और उन्हें एक उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया है।

GEM (Girl Empowerment Mission) एनटीपीसी की प्रमुख सीएसआर पहल है, जिसका उद्देश्य सरकारी स्कूलों की बालिकाओं को शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से सशक्त बनाना है। एनटीपीसी दर्लिपाली इस अभियान के माध्यम से अपने आसपास के समुदायों में समानता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सशक्तिकरण की भावना को सुदृढ़ कर रहा है। यह अभियान न केवल इन बालिकाओं के जीवन में आशाजनक बदलाव ला रहा है, बल्कि समाज में भी एक सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *