वन मंत्री ने लगाया रुद्राक्ष का पौधा
रायपुर,/ विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने आज बेमेतरा जिले के स्वामी विवेकानंद स्टेडियम के पास आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम‘ वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। वन मंत्री केदार कश्यप ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया और पीपल पेड़ की पूजा-अर्चना कर इस अभियान की शुरुआत की। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने चंदन का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू और ईश्वर साहू, अपर मुख्य सचिव वन श्रीमती ऋचा शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वी श्रीनिवास राव सहित अन्य अतिथियों ने लगभग 200 पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
वन मंत्री केदार कश्यप और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने ‘जल-वन-जन‘ एक प्राकृतिक बंधन अभियान के अंतर्गत शहर के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने मां सरस्वती और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बेमेतरा कलेक्टर रणबीर शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अतिथियों का स्वागत किया और जिले में जल-वन-जन अभियान के तहत संचालित जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि जल संकट से निपटने के लिए पेड़ लगाना और उनका संरक्षण करना सबसे बड़ी जरूरत है। इसके साथ ही पानी की बचत और उसका महत्व समझना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल और वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। इनके महत्व को समझते हुए हम सबको आगे आना होगा और हर स्तर पर इन्हें संरक्षित करने का काम करना होगा। कार्यक्रम को विधायक दीपेश साहू और विधायक ईश्वर साहू ने भी सम्बोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में फलदार और छायादार पौधों का वितरण किया गया और उन्हें संरक्षित करने की अपील की गई। इस दौरान सभी अतिथियों ने जल संरक्षण की शपथ दिलाकर पर्यावरण की रक्षा और जल संकट के समाधान के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू, पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड प्रहलाद रजक, नगर पालिका अध्यक्ष विजय सिन्हा, स्थानीय जनप्रतिनिधि सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

गांव गिराँव हिंदी न्यूज़ पोर्टल पर आप – Latest Breaking News, देश, विदेश, खेल, मनोरंजन, राजनीति, क्राइम, ऑटोमोबाइल, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, लाइफस्टाइल, क्रिकेट से सम्बंधित सभी समाचार प्राप्त करते है।