एनटीपीसी बरौनी में बालिका सशक्तिकरण मिशन 2025 का शुभारंभ

Spread the love

बेगूसराय। एनटीपीसी बरौनी परिसर में मंगलवार को बालिका सशक्तिकरण मिशन – 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत परियोजना प्रमुख  जयदीप घोष, मैत्री लेडीज क्लब की अध्यक्षा श्रीमती डोलन चम्पा घोष एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर की गई। एनटीपीसी गीत की प्रस्तुति से समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण हो गया।

इस अभियान के तहत बरौनी के आस-पास के तीन सरकारी स्कूलों—यू.एम.एस. कसहा, जी.एम.एस. बिहट और यू.एम.एस. चकबल्ली—की 25 बालिकाओं के लिए चार सप्ताह की आवासीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। यह कार्यशाला बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई है।

इस दौरान छात्राओं को शैक्षणिक शिक्षा के साथ-साथ कराटे, योग, कंप्यूटर, स्वास्थ्य, स्वच्छता, व्यक्तित्व विकास और आत्मरक्षा जैसे विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें पौष्टिक भोजन, छात्रावास, वर्दी, अध्ययन सामग्री सहित सभी आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।

परियोजना प्रमुख  जयदीप घोष ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सीखने का माध्यम नहीं है, बल्कि इन बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि एनटीपीसी समाज के प्रति अपने दायित्वों को पूरी गंभीरता से निभा रहा है और यह मिशन उसी का हिस्सा है। इस अवसर पर बालिकाओं के अभिभावक, स्थानीय विद्यालयों के शिक्षक, एनटीपीसी के अधिकारी, कर्मचारी एवं मैत्री लेडीज क्लब की सदस्याएं उपस्थित रहीं। सभी ने कार्यक्रम की सराहना की और बालिकाओं में होने वाले परिवर्तन की उम्मीद जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *