बीसीसीएल में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 

Spread the love

धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड द्वारा आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘इम्पैक्ट: मास्टरिंग कम्युनिकेशन & प्रेजेंटेशन स्किल्स’ का आज तीसरे एवं अंतिम दिन प्रतिभागियों की व्यक्तिगत प्रस्तुति, अनुभव साझाकरण तथा प्रमाण-पत्र वितरण के साथ समापन किया गया। 27 से 29 मई 2025 तक अन्नपूर्णा हॉल, कोयला नगर, धनबाद में आयोजित इस कार्यक्रम में कंपनी के E4 एवं E5 स्केल के अधिकारियों ने सहभागिता कर संवाद, प्रस्तुति एवं नेतृत्व कौशल का गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

समापन दिवस पर निदेशक (मानव संसाधन) श्री मुरलीकृष्ण रमैया ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया तथा प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं आवश्यकता पर अपने सारगर्भित विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम कर्मचारियों को बदलते हुए व्यावसायिक परिवेश में बेहतर संवाद, आत्मविश्वास और नेतृत्व के लिए आवश्यक हैं, जो व्यक्तित्व विकास एवं क्षमता वर्धन में सहायक होते हैं। उन्होंने प्रतिभागियों को उनकी प्रस्तुतियों के लिए बधाई देते हुए यह भी कहा कि अधिगम को तभी सार्थक माना जाता है जब वह कार्यस्थल पर परिणामों में परिवर्तित हो। इस दौरान महाप्रबंधक (मानव-संसाधन) ए.के. रॉय एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

आज के सत्र में प्रतिभागियों ने बीते दो दिनों में प्राप्त शिक्षाओं और अनुभवों पर आधारित व्यक्तिगत प्रस्तुतियाँ दीं। इन प्रस्तुतियों में प्रतिभागियों ने संवाद प्रक्रिया, प्रस्तुतीकरण रणनीति, डेटा संप्रेषण की तकनीक, टीम सहयोग और एआई टूल्स के उपयोग जैसी सीखी गई प्रमुख बातों को साझा किया। उनके विचार, प्रस्तुति की शैली और आत्मविश्वास ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें न केवल तकनीकी दृष्टिकोण मिला, बल्कि अपने संवाद और प्रस्तुति कौशल को बेहतर तथा व्यक्त करने का अवसर भी प्राप्त हुआ। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि प्रशिक्षण न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि आत्मविश्लेषण और व्यक्तिगत सुधार की दृष्टि से भी अत्यंत प्रभावी रहा।

दिन का समापन प्रमाण पत्र वितरण के साथ हुआ, जिसमें श्री रमैया ने सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किये। इस दौरान चयनित प्रतिभागियों को उनकी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए विशेष रूप से सराहना भी की गयी। प्रशिक्षण सत्र का संचालन कर रहे MTI-SAIL, रांची के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों ने भी प्रतिभागियों की प्रगति की सराहना की और उन्हें भविष्य में सतत अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया। धन्यवाद् ज्ञापन सुमित कुमार (प्रबंधक, खनन) ने किया।  कार्यक्रम को सफल बनाने में नंदिनी कुमारी, देवांशी जैन, शुभांगिनी कुमारी, सुजीत कुमार और रणवीर कु. सिंह का विशेष रूप से योगदान रहा।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *