विद्युत सम्पत्तियों के बचाव व विद्युत व्यवस्था को सुचारू रूप से अनवरत बनाये रखने हेतु बैठक संपन्न

Spread the love

भदोही / उत्तर प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र में आगामी रिफॉर्म के दृष्टिगत सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था बनाए जाने के निर्देश प्रदान किए गए हैं। प्रदेश में विद्युत कर्मचारी संघर्ष समिति द्वारा 20 मई 2025 से व्यापक विरोध प्रदर्शन किए जाने की नोटिस दी गई है। जिसके दृष्टिगत जनपद की विद्युत संपत्तियों के बचाव व विद्युत व्यवस्था को सुचार रूप से अनवरत बनाए रखने हेतु जिलाधिकारी शैलेष कुमार व पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के संयुक्त अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारी व रणनीति विषयक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।जिसमें विद्युत संचालन के व्यवस्था में कोई कठिनाई उत्पन्न न हो, इस पर गहन विचार विमर्श किया गया।

जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने विद्युत कर्मियों के हड़ताल की तैयारी के समीक्षा के दौरान प्राइमरी 05  उपकेंद्रों  220 केवी कनेहरी, 132 केवी फत्तूपुर, 132 केवी नरपतपुर, 132 केवी औराई, 132 केवी गोपीगंज  केंद्रो की निगरानी हेतु सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ इमरजेंसी व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाने का निर्देश दिया, साथ ही कंट्रोल रूम में 24 घंटे रोस्टर वाइज कर्मचारियों  व अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए। जिलाधिकारी ने प्रशासन की ओर से नोडल अधिकारी अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, पुलिस की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल को नोडल अधिकारी नामित किया और सभी कार्यों का सुपरविजन मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी कराए। यदि कहीं कोई समस्या आए तो तत्काल जिलाधिकारी को अवगत कराएंगे। साथ ही साथ डीएम ने अधिशासी अभियंता स्टोर ट्रांसमिशन वर्कशॉप को निर्देश दिया कि पूरी तैयारी कर ले, आईटीआई अप्रेंटिस कर रहे प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग देकर तैयार रखें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ शिवाकांत द्विवेदी,अपर जिलाधिकारी कुंवर वीरेंद्र मौर्य, अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण राधेश्याम ,अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण आरबी शर्मा ,अधिशासी अभियंता विद्युत खंड द्वितीय आदित्य पांडेय सहित समस्त एसडीएम, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *