सीसीएल मुख्यालय में विद्युत् सुरक्षा एवं LOTO कार्यान्वयन पर कार्यशाला का आयोजन

Spread the love

रांची । सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मुख्यालय, रांची में “विद्युत् सुरक्षा, शटडाउन प्रक्रिया एवं LOTO (Lockout/Tagout) के कार्यान्वयन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन सीसीएल के निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री चंद्रशेखर तिवारी द्वारा किया गया। उन्होंने अपने संबोधन में खनन क्षेत्रों में विद्युत् सुरक्षा, संरचित शटडाउन प्रक्रियाएं एवं LOTO प्रणाली के प्रभावी कार्यान्वयन की आवश्यकता और प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) के वरिष्ठ अधिकारियों— के. एम. रेड्डी, निदेशक (विद्युत्),  एम. के. जेना, उप निदेशक (विद्युत्), तथा  अरविंद कुमार, उप निदेशक (विद्युत्)—की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने तकनीकी सत्रों में भाग लेकर प्रतिभागियों के साथ व्यावहारिक अनुभव साझा किए और विद्युत् सुरक्षा उपायों, NGR (Neutral Grounding Resistor) की भूमिका, फायर फाइटिंग प्रणाली और LOTO के कुशल क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की।

इस कार्यशाला में सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रों से आए कोलियरी अभियंता (विद्युत् एवं यांत्रिक) तथा इलेक्ट्रिकल सेफ्टी ऑफिसर्स सहित कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में श्री बिनोद कुमार, महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव), श्री आर. के. सिंह, महाप्रबंधक (विद्युत् एवं यांत्रिक), तथा आंतरिक सुरक्षा संगठन (ISO) के अधिकारी भी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने इस कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि यह खदानों में विद्युत् सुरक्षा की प्रभावशीलता बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *