बाल भवन एवं सुहासिनी संघ का वार्षिकोत्सव : रंगारंग प्रस्तुतियों में झलकी एकता और उत्साह की झलक

Spread the love

सोनभद्र, सिंगरौली।  एनटीपीसी विंध्याचल के उमंग भवन सभागार में बाल भवन एवं सुहासिनी संघ (लेडीज़ क्लब) का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और पारिवारिक सौहार्द्र के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि  ई. सत्य फणि कुमार, कार्यकारी निदेशक (विंध्याचल) रहे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारियों में  डॉ. बी.सी. चतुर्वेदी,मुख्य महाप्रबंधक(चिकित्सा),  संजीब कुमार साहा,महाप्रबंधक(प्रचालन एवं अनुरक्षण),  अतिन कुंडू, महाप्रबंधक(परियोजना),  राजशेखर पाला,महाप्रबंधक (प्रचालन),  ए.जे. राजकुमार, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस एवं एडीएम) एवं  राकेश अरोड़ा,  मानव संसाधन प्रमुख (विंध्याचल) की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।
अतिथियों का स्वागत पारंपरिक भाव से तुलसी के पौधों और गुलाब की कलियों के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक मनोरंजक एंट्री गेम से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत ने संध्या को संगीतमय आरंभ प्रदान किया। सुहासिनी संघ की उपाध्यक्ष श्रीमती सरिका चतुर्वेदी ने सभी उपस्थित जनों का आत्मीय स्वागत किया। एक मधुर स्वागत गीत ने पूरे माहौल को भावविभोर कर दिया।
इस दौरान महिलाओं और बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों मे विशेषकर नृत्य और समूह प्रस्तुतियों  ने मंच पर रंगों की बौछार कर दी। साथ ही हास्य-व्यंग्य से भरपूर सरप्राइज़ गेम्स ने दर्शकों को ठहाकों में झूमने पर विवश कर दिया।
महासचिव श्रीमती शिल्पा कोहली ने वर्षभर की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए संगठन की उपलब्धियों को रेखांकित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया, वहीं समर्पित सहयोगी स्टाफ को स्मृति चिह्न देकर उनका आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और स्वादिष्ट सामूहिक भोज के साथ हुआ। यह संध्या न केवल मनोरंजन की दृष्टि से सफल रही, बल्कि संगठन की एकजुटता और सामाजिक सद्भाव का सजीव प्रमाण भी बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *