संगम में पुण्य की डुबकी लगा रहे श्रद्धालुओं पर हुई 20 क्विंटल पुष्प वर्षा

महाकुंभनगर।{ मनोज पांडेय } महाकुंभ के महाशिवरात्रि पर अंतिम अमृत स्नान करने वाले श्रद्धालुओं के अनुभव को यादगार बनाने के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए पांच से छह चक्र में 20 क्विंटल पुष्प वर्षा कराई गई। पिछले सभी प्रमुख स्नान पर्वों पर सरकार फूलों की वर्षा करा चुकी है। इसी क्रम में बुधवार को महाशिवरात्रि पर भी इस परंपरा का पालन करते हुए 20 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्प वर्षा कराई गई। इसकी शुरुआत सुबह 8 बजे से ही हो गई, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम के विभिन्न तटों पर स्नान कर रहे थे। आसमान से गुलाब की पंखुड़ियों की बारिश देख संगम तट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने अभिभूत होकर जय श्री राम, हर हर महादेव, गंगा मइया और तीर्थराज के जयकारे लगाए।

NTPC

महाकुंभ का महाशिवरात्रि अंतिम महत्वपूर्ण स्नान पर्व है। मंगलवार की रात से ही संगम तट पर लाखों श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला शुरू हो गया। उपनिदेशक उद्यान, प्रयागराज मंडल कृष्ण मोहन चौधरी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पुष्प वर्षा की तैयारी पहले ही कर ली गई थी। सभी श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा के लिए लगभग 20 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों की व्यवस्था की गई थी।

पुष्प वर्षा के प्रभारी वी के सिंह ने बताया कि त्रिवेणी संगम सहित अन्य स्नान घाटों पर स्नान कर रहे श्रद्धालुओं पर 5 से 6 चक्र पुष्प वर्षा की गई। पहले राउंड का आयोजन सुबह 8 बजे से शुरू हुआ। इसके तहत, हेलीकॉप्टर के जरिए श्रद्धालुओं पर आकाश से पुष्प वर्षा की गई। यह नजारा जहां श्रद्धालुओं के लिए अद्वितीय रहा, वहीं महाकुंभ की दिव्यता को और बढ़ाने वाला भी रहा। हर चक्र के लिए गुलाब की पंखुड़ियों को व्यवस्थित रूप से पहले से ही अलग-अलग तैयार कर रखा गया था।

     उन्होंने कहा कि योगी सरकार के निर्देश पर सभी अमृत स्नान और स्नान पर्व पर 20-20 क्विंटल पुष्प वर्षा कराई गई है।  महाकुंभ मेले के पहले स्नान से लेकर महाशिवरात्रि के अंतिम स्नान के दौरान अब तक लगभग 120 क्विंटल गुलाब की पंखुड़ियों की श्रद्धालुओं पर वर्षा किया गया है। पुष्प वर्षा के जरिए श्रद्धालुओं को सम्मानित और स्वागत करते हुए उन्हें धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर माहौल प्रदान किया गया है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *