नई दिल्ली। केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को राज्य विशेष में रेलवे के विकास एवं केन्द्रीय बजट 2025-26 में रेलवे के विकास हेतु राज्यों को आवंटित बजट पर क्षेत्रीय मीडिया के साथ वीडियों कांफ्रेसिंग के माध्यम से संवाद किया।इस क्रम में केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर प्रदेश में लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी ,आगरा ,मुरादाबाद, इज्जतनगर(बरेली) तथा झांसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से पत्रकारों से बातचीत की तथा प्रदेश में रेलवे के विकास हेतु सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों तथा उसकी प्रगति के बारे में जानकारी दी। केन्द्रीय रेल मंत्री ने केन्द्रीय बजट 2025-26 में उतर प्रदेश में रेलवे के विकास हेतु आवंटित बजट से भी पत्रकारों को अवगत कराया । केन्द्रीय रेल मंत्री ने कहा कि उतर प्रदेश में रेलवे के विकास हेतु केन्द्रीय बजट 2025-26 में 19858 करोड रुपये का आवंटन किया गया है। जो कि 2009 से 2014 के बीच में प्रदेश में रेलवे के विकास हेतु आवंटित किये गये बजट से 18 गुना अधिक है ।

केन्द्रीय मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में रेलवे के विभिन्न परियोजनाओं के तहत 1,04,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिसमें 157 अमृत स्टेशन, नए रेलवे ट्रैक और हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं का विकास शामिल हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में उतर प्रदेश में 5,209 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए जा चुके हैं, जो स्विट्जरलैंड के कुल रेल नेटवर्क के बराबर है। श्री वैष्णव ने कहा कि इसी तरह, 6,064 किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण पूरा हो चुका है, जिससे उत्तर प्रदेश 100% इलेक्ट्रिफाइड राज्य बन गया है। वर्तमान में 70 नई परियोजनाएं संचालित हो रही हैं, जिनकी कुल लंबाई 5,958 किलोमीटर और लागत 96,283 करोड़ रुपये है।

