₹2,441 एमएसपी के साथ धान खरीद शुरू,जिलाधिकारी ने धान खरीद का किया शुभारंभ

Spread the love

*खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत धान खरीद का हुआ शुभारंभ, जिलाधिकारी द्वारा कृषकों से निर्धारित मानकों एवं पंजीयन के अनुरूप क्रय केंद्रों पर विक्रय तथा बिचौलियों से दूर रहने की अपील*

चन्दौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अन्तर्गत जनपद चन्दौली में किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान खरीद की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित की जा रही है। जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने नवीन मंडी में धान क्रय केंद्र का भ्रमण कर खरीद की पारदर्शिता का जायजा लिया। उन्होंने वहां उपस्थित किसान बन्धुओं से बातचीत कर खरीद व्यवस्था की जानकारी ली। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने धान विक्रय के लिए आए किसान के साथ फीता काटकर धान खरीद का शुभारम्भ किया।

उन्होंने बताया कि जनपद में धान खरीद हेतु कुल 147 धान क्रय केन्द्र अनुमोदित किए गए हैं, जिन पर विभिन्न क्रय संस्थाओं के माध्यम से किसानों की उपज क्रय की जा रही है।

जिलाधिकारी ने जनपद के किसान बन्धुओं से अपील की है कि शासन द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य ₹2,441.00 प्रति कुन्तल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त किसानों को धान की सफाई एवं छनाई मद में ₹20.00 प्रति कुन्तल की अतिरिक्त धनराशि देय होगी। कृषक बन्धु अपनी धान की उपज को निर्धारित मानकों के अनुरूप क्रय केन्द्रों पर लेकर आएं, ताकि तौल एवं खरीद सुविधाजनक होती रहे। जिलाधिकारी ने अपील करते हुए कहा कि सरकारी क्रय केन्द्रों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ प्राप्त करने के लिए कृषकों का खाद्य एवं रसद विभाग के विभागीय पोर्टल Fcs.up.gov.in पर धान विक्रय हेतु पंजीयन अनिवार्य है। इसके विकल्प के रूप में किसान फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर भी अपनी उपज का विक्रय कर सकते हैं। विक्रय के समय कृषक अपने पंजीयन प्रपत्र एवं आवश्यक अभिलेख साथ अवश्य लाएं।

कृषकों के हितों के संरक्षण के उद्देश्य भी जिलाधिकारी ने अपील की है कि वे बिचौलियों के माध्यम से धान का विक्रय न करें और सीधे अनुमोदित सरकारी क्रय केन्द्रों पर पहुंचकर शासन द्वारा निर्धारित दरों का पूर्ण लाभ लें। उन्होंने समस्त धान क्रय केन्द्र प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे कृषकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें और नियमानुसार पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारू खरीद संपादित करें। धान क्रय केंद्रों पर आने वाले किसान बन्धुओं की सुविधा के लिए केंद्र प्रभारियों को शुद्ध पेयजल और धूप/मौसम से बचाव हेतु छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हिदायत देते हुए कहा कि खरीद व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही, शिथिलता अथवा अनियमितता परिलक्षित होने पर सम्बन्धित उत्तरदायी कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी। इस दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी राधवेन्द्र सिंह एवं कृषक बंधु मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *