*प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) रहेंगे उपस्थित*
*मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर*
चन्दौली। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2027 के आधार पर निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की अवधि 17 नवम्बर से 16 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित है। अधिकाधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में सम्मिलित करने तथा वर्तमान मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों की जांच एवं संशोधन का अवसर देने के उद्देश्य से जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर 28 नवम्बर (शनिवार) एवं 29 नवम्बर (रविवार), 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इन दिवसों पर सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक उपस्थित रहेंगे। प्रत्येक बीएलओ के पास 17 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी, जिससे नागरिक अपने नाम एवं विवरण की जांच कर सकेंगे। साथ ही पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे, ताकि पात्र नागरिक नए मतदाता पंजीकरण, अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम विलोपन संबंधी आपत्ति तथा आवश्यक संशोधन हेतु आवेदन कर सकें। नागरिकों की सुविधा के लिए प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी स्थापित रहेगी।
मतदाता सूची से संबंधित जानकारी, सहायता अथवा शिकायत के लिए जिला सम्पर्क केंद्र (DCC) के दूरभाष नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, मतदाता भारत निर्वाचन आयोग के Citizen Service Portal (CSP) एवं Voter Helpline App पर उपलब्ध ‘Book a Call with BLO’ सुविधा से अपने बीएलओ से कॉल बुक कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अभियान में छूटे पात्र नागरिकों, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, महिलाओं तथा अन्य वंचित पात्र मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), ग्राम प्रधानों, क्षेत्र एवं जिला पंचायत सदस्यों, नगर निकायों के निर्वाचित प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, स्थानीय स्वयंसेवकों तथा सामाजिक संगठनों का सहयोग लेकर अभियान जनभागीदारी से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान दिवसों का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करें तथा भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराएं। जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं संबंधित ERO स्वयं मतदेय स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे। बीएलओ की अनिवार्य उपस्थिति, आलेख्य मतदाता सूची एवं आवेदन फॉर्मों की उपलब्धता तथा हेल्प डेस्क का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर समयबद्ध निस्तारण किया जाएगा।
पर्यवेक्षण हेतु जनपद स्तर पर अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जो बीएलओ की उपस्थिति, उपलब्ध सुविधाओं, प्राप्त आवेदनों तथा अभियान की प्रगति का जायजा लेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 28 एवं 29 नवम्बर को अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम सम्मिलित कराने हेतु फॉर्म-6, नाम-पते आदि में संशोधन एवं निवास परिवर्तन हेतु फॉर्म-8 तथा अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटाने हेतु फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। अतः सभी नागरिक विशेष अभियान दिवसों का लाभ उठाएं, अपने परिवार एवं आसपास के पात्र नागरिकों को जागरूक करें तथा निर्वाचक नामावली को शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
